उप डाकघर गोरीवाला के सामने लंबी कतारों में लगे श्रद्धालु।
- फोटो : Sirsa
साध्वी यौन शोषण और पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के आरोप में सजा काट रहे डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम का 52 वां जन्मदिन 15 अगस्त को है। इसके साथ ही इस दिन रक्षा बंधन का त्योहार भी है। ऐसे में इन दिनों जिले के डाकघरों में डेरा प्रमुख को सुनारियां जेल के पते पर उसके अनुयायियों द्वारा ग्रीटिंग कार्ड और राखी भेजने का दौर चल रहा है।
सिरसा डाकघर के मुख्य पोस्ट मास्टर कमल कुमार का कहना है कि ज्यादातर ग्रीटिंग और राखियां भेजी जा रही हैं। सिरसा डाक घर में पिछले एक सप्ताह में करीब 30 लोगों ने डेरा प्रमुख को राखी और ग्रीटिंग कार्ड भेजे हैं। पिछले साल की तुलना में इस साल डाक भेजने वालों की संख्या कम है।
गोरीवाला उप डाकघर में 150 लोगों ने डेरा प्रमुख को भेजे ग्रीटिंग कार्ड
उप डाकघर गोरीवाला में बुधवार अलसुबह से सैकड़ों की संख्या में डेरा श्रद्धालु अपने हाथों में सफेद व खाकी रंग के लिफाफे लिए कतारों में लगे नजर आए। उप तहसील के साथ लगते गांव मोड़ी, बिज्जूवाली, झूट्टी खेड़ा, रामगढ़, दारेवाला गांव के श्रद्धालु भी सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा प्रमुख के 52वें जन्मदिन के लिए बधाई संदेश का ग्रीटिंग कार्ड भेजने के लिए कतारों में नजर आए। डेरा प्रेमी डॉ. ओम प्रकाश पटवारी इन्सां, इंद्रमोहन इन्सां, मलकीत सिंह इन्सां, हंसराज इन्सां, तेजा सिंह इन्सां, जगदीश कुमार इन्सां, चाहत इन्सां, राजकुमार इन्सां, लालचंद इन्सां, सत्यनारायण इन्सां, सुखदेव सिंह इन्सां ने बताया कि जब से डेरा प्रमुख सुनारियां जेल में सजा काट रहे हैं तब से लेकर जितने भी पर्व अब तक आए हैं उन्हें अपना स्नेह ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से भेजते हैं। गोरीवाला उप डाकघर के पोस्ट मास्टर कृष्ण सचदेवा ने बताया कि पोस्ट ऑफिस खुलते ही डेरा सच्चा सौदा के फालोअर्स भारी संख्या में महिलाएं, पुरुष डेरा प्रमुख को जन्मदिन की बधाई वे राखी भेजने के लिए रजिस्टर्ड डाक भेजने के लिए एकत्र हो गए। करीब 150 लोगों ने बुधवार को सुनारियां जेल के पते पर रजिस्टर्ड डाक भेजी है।