शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में कृषि कानूनों के विरोध में चल रहे पक्का मोर्चा धरना स्थल को मंगलवार को नौ माह पूरे हो गए। इस अवसर पर किसानों ने स्टेडियम में धिक्कार रैली का आयोजन किया। कार्यक्रम में संयुक्त किसान मोर्चा ने 8 जुलाई को पेट्रोल व डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में बाइक, ट्रैक्टर और अन्य वाहनों को सड़क के किनारे एक साथ खड़ा कर विरोध करने का एलान किया है। रैली के दौरान उपमुख्यमंत्री और बिजली मंत्री आवास के चारों तरफ का रास्ता बंद रहा और भारी पुलिस बल तैनात रहा।
मंगलवार को शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में आयोजित धिक्कार रैली में किसान आंदोलन के प्रमुख नेता डॉ. दर्शन पाल सिंह, योगेंद्र यादव, रूलदु सिंह मानसा, विकास सीसर, जोगेंद्र नैन, कामरेड इंद्रजीत मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए। धिक्कार रैली में उपस्थित किसानों और महिलाओं को संबोधित करते हुए डॉ. दर्शनपाल सिंह ने कहा कि दिन-प्रतिदिन पेट्रोल व डीजल की कीमतें आसमान छू रही हैं। लोगों को अच्छे दिन लाने का सपना दिखाने वाले प्रधानमंत्री अब चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। तेल की बढ़ी कीमतों को लेकर आगामी 8 जुलाई को संयुक्त किसान मोर्चा के फैसले अनुसार देशभर में प्रदर्शन किया जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान आमजन अपनी गाड़ियों को सड़कों के किनारे खड़ा करेेंगे। आम लोगों को भी इस आंदोलन से जोड़ा जाएगा, ताकि तानाशाह हो चुकी सरकार को जल्द से जल्द सबक सिखाया जा सके।
चौधरी देवीलाल का वंशज बता किसानों के साथ धोखा करने वाले नेताओं पर धिक्कार : यादव
वहीं किसान नेता योगेंद्र यादव ने कहा कि चौधरी देवीलाल का वंशज बताकर खुद को किसानों का हितैषी बताने वाले चौधरी रणजीत सिंह, दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला पर धिक्कार करने के लिए किसान रैली में एकत्र हुए हैं। किसानों का साथ लेकर किसानों के साथ धोखा करने वाले नेताओं से अब किसान जवाब मांग रहे हैं। धिक्कार है हरियाणा सरकार पर जो अपने आप को किसान हितैषी बताती है। लेकिन किसान को दिए हुए हर वादे पर झूठी साबित होती रही। वहीं उन्होंने कहा कि कृषि कानून जरूर वापस होंगे। प्रधानमंत्री अब भी अहंकार पर अड़े हैं, जिसका इलाज किसान धीरे-धीरे कर रहे हैं। इसके लिए किसान हर रोज छोटे-छोटे इंजेक्शन सरकार को दे रही है। अब लगता है इंजेक्शन की डोज बढ़ानी पड़ेगी। बंगाल में भी किसानों ने सरकार को इंजेक्शन दिया है। जिसका असर देखने को मिला। इंजेक्शन अब केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नहीं बल्कि उस कुर्सी पर बैठने वाले सभी के लिए सबक बनेगा। वहीं रूलदू सिंह मानसा ने कहा कि तानाशाह हो चुकी सरकार को लोग जल्द से जल्द उखाड़ना चाहते हैं। किसानों को इतना समय बैठे हुए हो गया, लेकिन सरकार व उसके नुमाइंदों ने किसानों से बात करना तक उचित नहीं समझा।
जारी रहेगा आंदोलन : भारूखेड़ा
इस मौके पर हरियाणा किसान मंच के प्रदेशाध्यक्ष प्रहलाद सिंह भारूखेड़ा ने बताया कि पक्का मोर्चा को आज 9 माह पूरे हो चुके हैं और लगातार किसान यहां डटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि गांवों में अभियान चलाकर यहां किसानों की संख्या बढ़ाई जाएगी और संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 8 जुलाई को तेल की बढ़ी कीमतों को लेकर हजारों किसान जिलेभर में प्रदर्शन करेंगे। रैली के दौरान कामरेड सिंह विर्क, जिंदा नानूआना, हैप्पी रानियां, मलकीत भुल्लर, गोरा ढाणी काहन सिंह लक्खा सिंह अलीकां, प्रिंस भिंडर जीवननगर, जगराज सिंह, दलजीत दियोल, रामकुमार, सरूप सिंह, दिलबाग सिंह, परमिंद्र सिंह, सतपाल सिंह सिरसा उपस्थित रहे।