बुधवार को दोपहर के समय हुई बारिश के बाद डबवाली रोड पर जाम पानी से गुजरती हुई कार।
सिरसा। शहर में अमृत योजना के तहत बारिश के पानी की निकासी के लिए 34 करोड़ रुपये की लागत से डाले गए प्रोजेक्ट का कार्य हिसार रोड पर सफलतापूर्वक चल रहा है, लेकिन डबवाली रोड पर इसका क्रियान्वयन लगातार परेशानी का कारण बन चुका है। सिद्धमुख नहर तक बिछाई गई लाइन बुधवार को पांचवीं बार डैमेज हो गई, जिससे सड़क पर पानी फैल गया और यातायात प्रभावित हुआ।
लाइन टूटने के बाद प्रभावित सड़क को ब्लॉक कर उसे वन-वे कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। नगर परिषद का कहना है कि समस्या के मूल कारण का पता लगाकर जल्द ही स्थायी समाधान निकाला जाएगा, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।इससे पहले बुधवार को लाइन लीकेज की सूचना मिलते ही नगर परिषद के अधिकारियों ने क्षेत्र में खोदाई का कार्य शुरू कर दिया।
अधिकारियों का कहना है कि दो दिन में जब पानी का स्तर कम होगा, तब लाइन की पूरी तरह जांच की जाएगी। लाइन में पहले से ही वॉल लगाए गए हैं, बावजूद इसके बार-बार हो रही खराबी ने नगर परिषद की चिंता बढ़ा दी है। माना जा रहा है कि यह समस्या मूल रूप से तकनीकी खामी के कारण सामने आ रही है। इस समस्या की गहनता को समझते हुए अब नगर परिषद ने तकनीकी विशेषज्ञों को बुलाकर लाइन की संरचना की जांच करवाने का निर्णय लिया है।
-
बरसाती लाइन लीकेज हुई है। गैस निकलने के लिए वॉल लगाए जा चुके हैं। इसके बाद लाइन लीक होने के तकनीकी कारणों का पता लगाया जाएगा और उसे दुरुस्त करेंगे।
- अनिल मोहिल, एसई, नगर परिषद