ऐलनाबाद नागरिक अस्पताल में खड़ी मृतक की एंबुलेंस।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन के नजदीक गंगानगर-दिल्ली रेल के आगे कूदकर निजी एंबुलेंस चालक ने आत्महत्या कर ली है। घटना की जानकारी जीआरपी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचे शव को कब्जे में ले लिया और मामले की सूचना मृतक के परिवार को दी गई। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज और शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।
वीरवार को नागरिक अस्पताल में पहुंचे ठोबरियां निवासी मृतक के भाई महेंद्र ने बताया कि उसका बड़ा भाई राजेंद्र कुमार निजी एंबुलेंस चलाता था। वह सुबह घर से ऐलनाबाद नागरिक अस्पताल में पहुंचा था लेकिन रात करीब 11 बजे उनके पास उसका शव ऐलनाबाद रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर मिला होने की सूचना मिली। उनकी 2008 में शादी हुई थी। उनके तीन बच्चे हैं। जिनमें से दो लड़कियां और एक लड़का है। उन्होंने बताया बुधवार देर शाम को उसने अपने करीब सात वर्षीय बेटे से बात की थी। इस दौरान उसने कहा था कि वह अस्पताल से गाड़ी ले जा रहा है। जिसके बाद उसका शव रेलवे लाइन पर पड़ा होने की सूचना मिली थी। आत्महत्या करने से पहले राजेंद्र अपना सारा सामान एंबुलेंस में ही छोड़कर गया था। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तफाकिया की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया।