सिरसा में आवारा कुत्तों के लिए डॉग स्टे सेंटर बनाने के लिए स्लाटर हाउस की जांच करते हुए सीएसआई
सिरसा। आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने नटार में स्लाटर हाउस में डॉग स्टे सेंटर बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। 15 नवंबर को एडीसी विरेंद्र सहरावत ने नगर परिषद को आदेश दिए थे कि आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तुरंत की जाएं। सोमवार को मुख्य सफाई निरीक्षक जयवीर सिंह ने स्लाटर हाउस का निरीक्षण किया और व्यवस्था जांची।
शहर से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित नटार गांव को डॉग स्टे सेंटर के लिए उपयुक्त माना गया है। नगर परिषद ने यहां स्लाटर हाउस बनाया हुआ है। हालांकि स्लाटर हाउस पूरी तरह से एक्टिव नहीं है। ऐसे में वहां पर बने भवन को डॉग स्टे सेंटर बनाया जा सकता है। स्लाटर हाउस में मरम्मत की जरूरत है, जिसको लेकर उच्चाधिकारियों से बातचीत कर सफाई शाखा द्वारा मरम्मत करवाई जाएगी। नगर परिषद ने आवारा कुत्तों की वैक्सीनेशन और नसबंदी की पूरी योजना बना ली है।
-
हिसंक व रैबीज वाले कुत्तों को रखा जाएगा सेंटर में
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार नटार में बनने वाले डॉग स्टे सेंटर में हिसंक व रैबीज संक्रमित कुत्तों को रखा जाएगा। इसके अलावा जिन गलियों से कुत्तों को उठाया जाएगा, वैक्सीनेशन यानी नसबंदी के बाद दोबारा वहीं छोड़ दिया जाएगा। यदि किसी संस्थान से कोई कुत्ता उठाया जाएगा, तो पुन: संस्थान में छोड़ दिया जाएगा। उसकी देखरेख की जिम्मेदारी संस्थान की रहेगी।
-
कुत्तों के काटने के मामले बढ़ते जा रहे हैं
नगर परिषद क्षेत्र में प्रतिदिन औसतन 10 कुत्तों के काटने की शिकायतें आती हैं। गर्मियों में यह संख्या दोगुनी हो जाती है। जिले भर में प्रतिदिन लगभग 30 मामले दर्ज किए जाते हैं। सर्दियों में धुंध बढ़ने के साथ ही कुत्तों के काटने के मामलों में भी वृद्धि होने की संभावना है। एडीसी ने निर्देश दिए हैं कि सभी संस्थान अपने यहां नोडल अधिकारी नियुक्त करें, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि कैंपस में कोई आवारा कुत्ता न हो। स्कूल और अन्य संस्थानों को कुत्तों के प्रवेश को रोकने के लिए उचित चारदीवारी बनानी होगी और नगर परिषद को प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि संस्थान आवारा कुत्तों से मुक्त है।
-
नगर परिषद ने स्ट्रीट डॉग के लिए एजेंसी के लिए टेंडर लगा दिया हैं। स्लाटर हाउस का निरीक्षण किया गया है, जहां पर आवारा कुत्तों के लिए डॉग स्टे सेंटर बनाया जाएगा। अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपी जाएगी, उसके बाद आगामी कार्रवाई होगी। - जयवीर सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, सिरसा।