संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। कोरोना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने जिले के निजी 34 अस्पतालों का चयन किया गया है। इन अस्पतालों में 628 बेड उपलब्ध हैं। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से हायर किया जाएगा।
इन निजी अस्पतालों में 162 नॉन ऑक्सीजन बेड, 307 ऑक्सीजन बेड, 159 आईसीयू बेड और 50 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं। सरकारी अस्पतालों सहित विभाग के पास 1212 बेडों की संख्या है। इसके अलावा छह अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट भी लगे हुए हैं। कोरोना की तैयारियों को लेकर उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डॉ. मनीष बांसल और उप सिविल सर्जन डॉ. बुधराम के साथ बैठक कर समीक्षा की है। इसमें जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों की स्थिति भी जांची गई। अब स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना को लेकर 34 निजी अस्पतालों का चयन किया है। इन अस्पतालों में 628 बेड उपलब्ध हैं। चयन किए गए अस्पताल में से केवल छह में ही ऑक्सीजन प्लांट लगे हुए हैं, अन्य में अभी तक सिलिंडर के माध्यम से ही मरीजों को ऑक्सीजन दी जा रही है।
निजी अस्पतालों में ये है व्यवस्था
संसाधन संख्या
कुल बेड 628
नॉन ऑक्सीजन बेड 162
ऑक्सीजन बेड 307
वेंटीलेटर 50
आईसीयू बेड 159
पीडियाट्रिक बेड 176
बच्चों के लिए वेंटीलेटर 11
इन अस्पतालों में लगे हैं ऑक्सीजन प्लांट
अस्पताल प्लांट (लीटर प्रति मिनट)
शाह सतनाम जी अस्पताल 500
बाबा तारा अस्पताल 500
एसपीएस अस्पताल 100
संजीवनी अस्पताल 165
आस्था अस्पताल 100
महाराजा चरण सिंह चैरिटेबल 450
नोट : सात अस्पतालों में अभी प्लांट लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
विभाग के पास उपकरणों की स्थिति
उपकरण पहले अब
वेंटीलेटर 45 74
ऑक्सीजन कांस्टेटर 231 301
ऑक्सीजन सिलिंडर डी टाइप 418 549
ऑक्सीजन सिलिंडर बी टाइप 274 425
एचएफएनसी 3 3
बे पाइप मशीन 4 24
जिले में अब तक विभाग ने नहीं बढ़ाई सैंपलिंग
कोरोना सैंपलिंग बढ़ाने को लेकर मुख्यालय ने निर्देश जारी किए हैं। इसके बावजूद जिले में अभी तक सैंपलिंग की स्थिति में कोई भी बदलाव नहीं हो पाया है। विभाग की ओर से 500 सैंपल रोजाना लेने की योजना बनाई गई थी, लेकिन अभी तक करीब 200 लोगों के सैंपल ही लिए जा रहे हैं। विदेश जाने वाले करीब 30 से 40 लोग हर रोज सैंपल देने के लिए नागरिक अस्पताल में पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने वीरवार को 215 लोगों के सैंपल लिए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक सात लाख 28 हजार 202 लोगों के सैंपल लिए हैं। इसमें से 34217 लोगों कोरोना संक्रमित मिले थे। इनमें से 33670 लोगों ने कोरोना को मात दी है, जबकि 547 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
कोरोना को लेकर स्वास्थ्य विभाग के पास उपकरण और बेडों पर्याप्त हैं। कोरोना के सैंपल बढ़ाने के लिए प्रक्रिया जारी है। जिले में अभी तक कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। जिले 34 बड़े निजी अस्पतालों का चयन किया गया है। - डॉ. बुधराम, उप सिविल सर्जन, सिरसा।