सिरसा। महिला थाने के बाहर 25 नवंबर को हुए हैंड ग्रेनेड हमले के मामले में आरोपी और ग्रेनेड सप्लायर गुरजंट सिंह को एसआईटी मंगलवार को कोर्ट में पेश करेगी। आरोपी को 9 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे 10 दिन के रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया, जिसमें कोर्ट ने सात दिन का रिमांड मंजूर किया।
रिमांड के दौरान शनिवार को आरोपी को अमृतसर ले जाकर निशानदेही कराई गई। गुरजंट सिंह ने खुलासा किया कि उसने पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी और उसके राइट हैंड सोहेल के कहने पर सिरसा के गांव खारिया निवासी धीरज और विकास को हैंड ग्रेनेड दिया। शहजाद भट्टी ने इसे देने के लिए पट्टी, तरन तारन निवासी राजबीर को कहा था। राजबीर ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर ग्रेनेड दिया। संवाद