सिरसा। उत्साह और मस्ती का त्योहार होली को लेकर जश्न वीरवार से ही आरंभ हो गया। फाग से पहले ही लोग गली मोहल्लों व संस्थानों में रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई देते हुए नजर आए। जिलेभर में होलिका दहन रात के समय हुआ। सुबह व शाम के समय महिलाएं होली की पूजा करते हुए नजर आईं।
गौरतलब है कि सिरसा शहर में 25 जगहों तो जिले भर में 70 से ज्यादा स्थानों पर होली जलाई जाएगी। शुुुुुुुुुुुुुुुुुुुुुुक्रवार को फाग का पर्व मनाया जाएगा, जिसमें लोग एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं देंगे। फाग के दिन किसी प्रकार की कोई हिंसक या अप्रिय घटना न हो। इसको लेकर पुलिस जिलेभर में मुस्तैद रहेगी। हर चौराहे पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
होली के मद्देनजर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कोई भी हुड़दंग करता नजर आया तो उसकी जगह सीधे हवालात में होगी। किसी भी हालत में हुड़दंगियों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, खुली जीप व वाहनों की ओवर स्पीडिंग और बाइक पर दो से ज्यादा लोगों के चलने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे।
फाग के दिन अक्सर शरारती तत्व इस अवसर पर शरारत करने की फिराक में रहते हैंं। इससे कानून व्यवस्था शांति भंग होने की आशंका बनी रहती है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और लड़कियों, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार, अश्लील हरकत नहीं होने देने के उद्देश्य से पुलिस ने सख्त पुलिस प्रबंध किए हैं।
गश्त पार्टियों के साथ सादी वर्दी में पुलिस रहेगी तैनात
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डबवाली, सिरसा, ऐलनाबाद, रानियां, बड़ागुढ़ा और चोपटा कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में होली के पावन पर्व पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा के और अधिक कड़े प्रबंध किए जाएंगे। भीड़-भाड़ वाले बाजारों में गश्त करने वाली पुलिस पार्टियों के अलावा सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा जहां महिलाओं का ज्यादा आवागमन रहेगा वहां पर महिला पुलिस के अलावा पुलिस पीसीआर, डायल-112 व मोटरसाइकिल राइडर पुलिस के जवान तैनात किए जाएंगे।
शराब पीकर गाड़ी चलाई तो होगी सख्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण का कहना है कि शराब पीकर नशा करके गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस की भी विशेष ड्यूटी लगाई गई हैं। ट्रैफिक नियमों के पालन न करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक का कहना है कि होली के त्योहार के मद्देनजर सभी तैयारियां कर ली गई हैं। फाग के दिन शहरभर में पुलिस गश्त करती रहेगी। लोगों से अपील है कि होली का त्योहार शांतिपूर्वक ढंग से मनाएं।
ये सावधानी जरूर बरतें
त्योहार पर खुशियों में खलल न पड़े, इसके लिए अंजान लोगों पर रंग न डालें। भांग, शराब आदि के नशे से दूर रहें। कैमिकल युक्त रंगों के प्रयोग से बचें। गुलाल या फूलों से बने रंगों का प्रयोग करें। दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सवार न हों।
घटिया किस्म के रंगों का उपयोग न करें
खाद्य सामग्री हो या रंग-गुलाल, सोच-समझकर ही खरीदारी करने की जरूरत है। कोशिश करें कि खाने-पीने का सामान घर पर बनाएं। बाजार के सामान से परहेज करें। इसके अलावा रंग खेलते समय आंखों का ध्यान रखें। चाइनीज रंगों व घटिया किस्म के रंग व गुलाल का उपयोग न करें। इससे त्वचा के साथ ही आंख भी खराब हो सकती है। आंख को बचाने के लिए चश्मा का प्रयोग करें।
डबवाली के ग्रामीण और शहरी इलाकों में विशेष रूप से तैनात रहेगी पुलिस
डबवाली पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि होली के पर्व पर किसी तरह से कोई हुड़दंग न हो, इसके लिए जिलेभर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शरारती तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। हुड़दंग करने वालों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। इनको सबक सिखाने के लिए पुलिस ने विशेष प्लान बनाया है। विभिन्न चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही हॉट-स्पॉट स्थानों पर पैदल गश्त के माध्यम से शरारती तत्वों पर नजर रखी जा रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए डबवाली पुलिस सख्ती से पेश आएगी। इसके लिए महिला थाना को आवश्यक निर्देश भी दिए गए हैं।