बिजली मंत्री का विरोध करने के लिए काले झंडे लेकर खड़े सरपंच।
चोपटा(सिरसा)। शिव मंदिर धर्मशाला में मंगलवार को बिजली मंत्री रणजीत सिंह का कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में बिजली मंत्री रणजीत सिंह गृहमंत्री अमित शाह की रैली का निमंत्रण देने के लिए पहुंचे। इसकी भनक लगते हुए सरपंच एसोसिएशन की प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल के नेतृत्व में सरपंच काले झंडे लेकर धर्मशाला के पास पहुंच गए। पुलिस ने सरपंचों को धर्मशाला के मेन गेट पर ही रोक दिया।
इस दौरान सरपंचों ने गेट पर ही विरोधस्वरूप नारेबाजी शुरू कर दी। उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल ने कहा की प्रदेश में सरपंचों द्वारा सरकार के मंत्रियों व विधायकों के कार्यक्रमों का विरोध करने का फैसला लिया हुआ है। इसके लिए चोपटा खंड के गांवों में भाजपा-जजपा सरकार का विरोध करने के बोर्ड भी लगा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरपंचों की मांगों का समाधान नहीं होगा, तब तक विरोध जारी रहेगा। विरोध की सूचना मिलने पर बिजली मंत्री रणजीत सिंह ने सरपंचों के प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए बुलाया। इसके बाद उपाध्यक्ष संतोष बैनीवाल, सरपंच सुभाष कासनियां, जयंत सिंह, मांगेराम ने बिजली मंत्री से बातचीत की।