सिरसा। रानियां थाना पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा जीवन नगर शाखा से चोरी हुए 5 लाख रुपये की घटना को मात्र 2 घंटे में सुलझा कर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए रुपये बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है। रानियां थाना प्रभारी उपनिरीक्षक साधुराम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी की पहचान बैंक में कार्यरत चपरासी अमन कुमार निवासी हिसार के रूप में हुई है।
जीवन नगर बैंक शाखा के प्रबंधक साहिल चावला की शिकायत पर रानियां थाने में अभियोग दर्ज दिया गया था। उन्होंने बताया कि शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे के आसपास आरोपी ने बैंक कैशियर के केबिन से 5 लाख रुपये की राशि चुरा ली थी। शाम को बैंक कर्मचारियों ने जब कैश का मिलान किया तो गड़बड़ी मिली। थाना प्रभारी ने बताया जैसे ही बैंक में कार्यरत चपरासी अमन कुमार के खिलाफ शिकायत मिली तो तुरंत जीवन नगर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बनवारी लाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। क्षेत्र में नाकाबंदी कर आने जाने वाले वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई। इसी दौरान आल्टो कार सवार आरोपी अमन कुमार आया जिसे रोककर उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किए गए 5 लाख रुपये की राशि बरामद हुई। थाना प्रभारी साधु राम ने बताया कि जीवन नगर चौकी प्रभारी बनवारीलाल के नेतृत्व में टीम ने मात्र 2 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रुपये लेकर हिसार जाने की फिराक में था।