सिरसा। लोकसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस द्वारा लगाए गए सीमावर्ती नाकों पर लगातार चौकसी बरती जा रही है। बुधवार रात को पुलिस ने डिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़ने वाले गांव मोरीवाला क्षेत्र से ट्रक पकड़ा। ट्रक में अंग्रेजी शराब भरी थी। ट्रक चालक शराब से संबंधित परमिट दिखा नहीं पाया। पुलिस ने शराब की बोतलों को जब्त करके चालक के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शराब बठिंडा से दिल्ली ले जाई जा रही थी।
पुलिस के अनुसार गांव मोरीवाला के पास नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान सूचना मिली कि सिरसा की ओर से एक ट्रक में शराब भरकर लाई जा रही है। इस पर पुलिस की टीम अलर्ट हो गई। जैसे ही ट्रक वहां पर आया, पुलिस ने उसे रुकवाकर जांच की तो उसमें से 7800 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुईं। यह शराब बठिंडा से दिल्ली लेकर जाई जा रही थी। पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने बताया कि आरोपी की पहचान विशाल निवासी बरवाला, जिला हिसार के रूप में हुई है।