सिरसा। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य सिरसा निवासी गुरमेज सिंह ने पुलिस पर गाड़ी में तोड़फोड़ और हमला करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वह अंबाला में आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने के बाद सिख संगत के साथ सिरसा लौट रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
गुरमेज सिंह के अनुसार प्रदर्शन शांतिपूर्ण था। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें दूसरे रास्ते से जाने के लिए कहा। बताए गए मार्ग पर आगे बढ़ने के दौरान पुलिस ने गाड़ी को दोबारा रोक लिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों को प्रदर्शन से शांतिपूर्वक लौटने और गाड़ी में किसी तरह का हथियार नहीं होने की जानकारी दी गई। इसके बावजूद पुलिस ने गाड़ी पर डंडे बरसाए। इससे गाड़ी के शीशे टूट गए।
गुरमेज सिंह ने बताया कि घटना के समय गाड़ी में उनके साथ सिरसा निवासी वेद प्रकाश साहूवाला, बिंदर सिंह खालसा और अमृतपाल ओढा भी मौजूद थे। आरोप है कि शीशा टूटने से कांच का एक टुकड़ा एक युवक की आंख में जा लगा, जिससे वह घायल हो गया।
गुरमेज सिंह एचएसजीपीसी के वार्ड नंबर 33 से निर्वाचित सदस्य हैं। उन्होंने जनवरी 2025 में आजाद उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। बाद में वह अकाल पंथक मोर्चा से जुड़ गए।