बस में 26 स्कूली बच्चे थे सवार, पिकअप चालक फतेहाबाद के हम्जापुर का रहने वाला था
- बस में बैठे बच्चों को नहीं आई चोट, सभी सुरक्षित
फोटो - 19,20,21
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। कालांवाली-रोड़ी रोड पर गांव तिलोकेवाला में पेट्रोल पंप के पास सोमवार सुबह 9 बजे धुंध के कारण निजी स्कूल बस और अनाज से भरी पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। घटना में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान राजकुमार निवासी गांव हम्जापुर फतेहाबाद के रूप में हुई हैं। जबकि पिकअप का हेल्पर मग्घर सिंह घायल हो गया।
वहीं, स्कूल बस चालक नाहर सिंह गंभीर रूप से घायल हुआ है। हालांकि, बस में सवार 26 स्कूली बच्चे सुरक्षित बच गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कालांवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। इसके बाद घायलों को कालांवाली सीएचसी पहुंचाया गया। जहां से घायलों को सिरसा रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पैरामाउंट इंटरनेशल स्कूल की बस कालांवाली से करीब 26 बच्चे लेकर गांव तिलोकेवाला स्थित स्कूल जा रही थी। एक पिकअप रतिया से सरदूलगढ़ होकर कालांवाली की तरफ आ रही थी। जैसे ही स्कूल बस गांव तिलोकेवाला में पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, तभी सामने से पिकअप किसी वाहन को ओवरटेक करते समय स्कूल बस से टकरा गई।
स्कूल बस व पिकअप की आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे दोनों का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पिकअप चालक व हेल्पर को सहारा सरबत ट्रस्ट की एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालांवाली में पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने चालक राजकुमार को मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में कालांवाली थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। दोनों पक्षों को बुलाकर बयान दर्ज करवाए गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जाएगी। उसके बाद आगामी कार्रवाई होगी।