संवाद न्यूज एजेंसी
ओढां। गांव ख्योवाली में तीन माह पूर्व संदिग्ध हालत में हुई एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस की कार्रवाई से नाराज लोगों ने गांव ओढां की अनुसूचित जाति धर्मशाला में बैठक कर रोष जताया। बैठक में मृतक के परिजन और करीब 20 गांवों के लोग मौजूद रहे।
बैठक में महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति की हत्या की गई है। आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और राजीनामे के लिए दबाव बनाने के साथ धमकियां भी दे रहे हैं। वह कार्रवाई को लेकर अनेक बार थाने के चक्कर काट चुकी है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जनता अधिकार मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जसविंद्र सिंह बब्बू ने कहा कि अगर इस मामले में पुलिस ने 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की तो वे धरना देंगे।
मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष जसविंद्र सिंह बब्बू, प्रदेश प्रभारी करनैल सिंह ओढां ने कहा कि 7 दिसंबर 2024 को गांव ख्योवाली में करीब 43 वर्षीय सुभाष का शव नहर के किनारे संदिग्ध हालात में पड़ा मिला था। सुभाष को उसके घर से गांव के ही 2 व्यक्ति बुलाकर लेकर गए थे, जिन्होंने सुभाष के साथ बैठकर शराब भपी। इसके बाद दूसरे दिन सुभाष का शव नहर किनारे पड़ा मिला।
करनैल सिंह ने कहा कि परिजनों ने अपने बयान में सुभाष के दोनों साथियों पर आरोप लगाए थे, लेकिन पुलिस ने इस मामले में इत्तफाकिया घटना की कार्रवाई दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा दिया। उन्होंने कहा कि इस वारदात को 3 माह का समय हो गया, लेकिन अभी तक न तो सुभाष की मौत का असल कारण का पता चला है और न ही पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई की। मृतक का परिवार न्याय के लिए पिछले करीब 3 माह से भटक रहा है।
भीम आर्मी से रोहित गरवा व जिलाध्यक्ष अमन कुमार ने कहा कि पुलिस आरोपियों के प्रति जान-बूझकर ढील बरत रही है। इस मामले में पुलिस ने शीघ्र ही कोई कार्रवाई नहीं की तो भीम आर्मी व जनता अधिकार मोर्चा मृतक के परिजनों के साथ मिलकर धरने पर बैठेंगे। मृतक सुभाष की पत्नी सरस्वती ने कहा कि उसके पति को गांव के 2 लोग नए मोटरसाइकिल की पार्टी लेने के लिए घर से बुलाकर लेकर गए थे। इसके बाद दूसरे दिन उसके पति का शव नहर किनारे पड़ा मिला। महिला का आरोप है कि उसके पति की उक्त लोगों ने हत्या की है।
थाना प्रभारी बोले- रिपोर्ट आते ही कार्रवाई करेंगे
सूचना के बाद ओढां थाना प्रभारी अनिल कुमार लोगों के बीच पहुंचे और बातचीत की। उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में मृतक का बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम करवाते हुए विसरा जांच के लिए भेजा था। चिकित्सकों की रिपोर्ट आना अभी शेष है। जैसे ही रिपोर्ट आएगी उसके बाद सलाह लेकर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित पक्ष को आश्वस्त किया कि इस मामले में किसी के साथ गलत नहीं होने दिया जाएगा। अगर रिपोर्ट में कुछ आया तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी ने इस मामले में 15 दिन का समय मांगा।