सिरसा। जिला पटवार भवन में पटवारियों से काम करवाने के लिए आने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। लोग इंतकाल, फर्द, जमाबंदी, जाति प्रमाणपत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र, मौका रिपोर्ट, गिरदावरी, आदि काम करवाने के लिए पटवार भवन में पहुंच रहे हैं। वहीं, पटवारियों की कमी और काम के अतिरिक्त होने से पटवारियों की परेशानियां भी बढ़ गई हैं। पटवारियों को जहां ई क्षतिपूर्ति व अन्य फील्ड कार्य को करना पड़ रहा हैं। वहीं लाडो लक्ष्मी योजना के तहत रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने वाले लोगों को भी घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। प्रत्येक पटवारी के कार्यालय के बाहर लोगों की लाइन देखने को मिल रही है।
सोमवार को पटवार भवन खुलने के बाद सुबह 9 बजे ही लोगों की लाइनें पटवार भवन के बाहर देखने को मिली। वहीं, काम के अतिरिक्त बोझ को देखते हुए निर्धारित समय पर पटवारी कार्यालय पहुंच रहे हैं और आमजन का काम निपटाने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में कई पटवारियों को अपने फील्ड वर्क के कारण बाहर जाना पड़ता है तो लोग परेशान हो रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार पटवारियों के लिए इन दिनों लाडो लक्ष्मी योजना सिरदर्द बन गई है। एक-एक पटवारी के पास प्रतिदिन 200 के करीब महिलाएं व उनके परिजन रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आ रहे हैं। जिससे पटवारियों का काम कई गुणा बढ़ गया है।
जिले में महज 58 पटवारी, काम 298 का
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में पटवारियों के 298 पद हैं। इनमें से सिर्फ 58 पटवारी ही कार्यरत हैं। 240 पद खाली हैं। इन पर इन्हीं पटवारियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अब पटवारियों के चार्ज छोड़ने के फैसले से जिले के करीब 400 गांवों के काम प्रभावित हो सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से रजिस्ट्रियां, जमाबंदी, नकल, फर्द, खेतों पर लोन, प्रमाणपत्र सत्यापन शामिल हैं।
यह काम है पटवारियों के पास का
- ई क्षतिपूर्ति सर्वे
- रिहायशी प्रमाण पत्र
- मकानों का खराब फार्म
- गिरदावरी, मौका रिपोर्ट
- पराली प्रबंधन में ड्यूटी आदि।
सुबह 9 बजे से पत्नी का रिहायशी प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आए हुए हैं। लेकिन पटवारी के न होने के कारण इंतजार कर रहे हैं। जब पटवारी आएंगें तो फिर साइन होने के बाद काम हो पाएगा।
- हरबंस लाल, गांव नेजाडेला खुर्द।
-
गांव नागोकी से आए हैं। जमीन का नक्शा निकलवाना है तो पिछले पांच दिनों से चक्कर काट रहे हैं। अब 11 बजे पटवारी आए हैं तो अब शायद आज काम होने की उम्मीद है। - कश्मीर चंद, गांव नागोकी।
लाडो लक्ष्मी योजना के फाॅर्म भरने के लिए रिहायशी प्रमाणपत्र बनाना है तो उसके लिए आए हैं। पटवारी के साइन के करवाने के लिए आए हैं। - दर्शना रानी।
बच्चों की स्कॉलरशिप के फाॅर्म भरवाने के लिए आया हूं। पटवारी के पास भीड़ काफी लगी हुई है, तो फाॅर्म दे दिया है। अब बाहर बैठ कर इंतजार कर रहे हैं।- मांगे राम नागोकी।
-
जिले में पटवारियाें की पहले से कमी है, ऊपर से अतिरिक्त काम का बोझ और एक साथ कई काम होने से लोगों के साथ पटवारी भी परेशान हैं। फिर भी थोड़ी देरी सही लेकिन आमजन के काम किए जा रहे हैं। - रोहताश कुमार, सचिव, पटवारी एवं कानूनगो एसोसिएशन, सिरसा।