संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा।
रानियां रोड स्थित श्री तारा बाबा कुटिया में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में 17 फरवरी से 23 फरवरी तक पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले शिव महापुराण कथा सुनाएंगे। रविवार को सिरसा पहुंचने पर कथावाचक प्रदीप मिश्रा ने सालासर मंदिर में पूजा की। इस दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी मौके पर पहुंचे। कथा को लेकर तारा बाबा कुटिया में विशेष व्यवस्था की गई है।
भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने बताया कि प्रतिदिन 5 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके साथ ही करीब 50 हजार श्रद्धालु देश के दूसरे राज्यों से आएंगे जो सातों दिन कथा श्रवण करेंगे। उनके ठहरने, पीने और खाने की व्यवस्था कुटिया की ओर से की जाएगी।
75 बड़ी स्क्रीन लगाई जाएंगी
भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने बताया कि संत निवास का विस्तार किया गया है। इसके साथ ही 200 शौचालय, 200 बाथरूम बनाए जा रहे हैं। साथ ही पंडालों में 75 बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। पहली कथा के दौरान पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा था कि पंडाल में पांच कथा श्रवण का संकल्प करने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इस पर श्री बाबा तारा चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री गोपाल कांडा ने श्री तारकेश्वर धाम में उनसे पांच कथा करने का आग्रह किया था। इस आग्रह पर ही दूसरी बार शिव महापुराण कथा की स्वीकृति पंडित प्रदीप मिश्रा ने दी है।
विशेष तौर पर लगाए गए ई-रिक्शा
पार्किंग स्थल से बुजुर्गो को कथास्थल पर लाने आने जाने के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है। कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बांदरो वाली पुलिया के साथ पांच एकड़ भूमि, केलनिया रोड पर 10 एकड़ भूमि और कुटिया के सामने गोशाला में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बांदरों वाली पुलिया और केलनियां रोड वाली पार्किंग से वयोवृद्ध श्रद्धालुओं को कुटिया तक आने जाने के लिए निशुल्क ई रिक्शा सेवा उपलब्ध करवाई की गई है।
विशेष रूप से लगाई गईं ड्यूटियां
शिवमहापुराण कथा के दौरान व्यवस्था संभालने के लिए ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने चाय सेवा, लंगर सेवा, लंच सेवा, बड़ी रसोई कुटिया में सेवा, सफाई व्यवस्था, पंडाल व्यवस्था, वीआईपी पंडाल व्यवस्था, पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था, पूछताछ और शिकायत केंद्र की व्यवस्था में सेवादार लगाए गए हैं।