सिरसा। डबवाली नागरिक अस्पताल में बनाए गए ऑक्सीजन प्लांट का रविवार को बिजली मंत्री ने सीडीएलयू में आयोजित कार्यक्रम में उद्घाटन किया। डबवाली नागरिक अस्पताल में 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो गया है। उन्होंने कहा कि ऑक्सीजन प्लांट के शुरू होने के बाद मरीजों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में उन्होंने कोरोना काल में काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं और चिकित्सकों को सम्मानित किया।
उपायुक्त अनीश यादव ने कहा कि बिजली मंत्री रणजीत सिंह के मार्गदर्शन व निवर्तमान उपायुक्त प्रदीप के कुशल नेतृत्व में सिरसा जिले में कोरोना महामारी को नियंत्रण करने में सफलता मिली। इसके अलावा कोविड प्रबंधन से जुड़े हर अधिकारी, कर्मचारी व इस लड़ाई में सहयोगी रही सामाजिक संस्थाओं का सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने बताया कि जिले की सभी सीएचसी में ऑक्सीजन पाइपलाइन के कार्य को तेजी से किया जा रहा है। सिरसा, डबवाली व ऐलनाबाद में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें डबवाली में 500 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट बनकर तैयार हो गया है। डबवाली ऑक्सीजन प्लांट रिकॉर्ड 21 दिनों में बनकर तैयार हुआ है।
समारोह में जिला अध्यक्ष बीजेपी आदित्य देवीलाल, पूर्व चेयरमैन जगदीश चौपड़ा, समाजसेवी संजीव जैन व अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से आयोजित समारोह में उपायुक्त अनीश यादव, निवर्तमान उपायुक्त प्रदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, एसडीएम जयवीर यादव, सीटीएम गौरव गुप्ता, सीएमओ डॉ. मनीश बंसल मौजूद रहे।