संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के जनता भवन रोड पर अनाज मंडी के पास स्थित ग्रीन बेल्ट में बनाए गए मंदिर के भवन को हटाने के लिए एचएसवीपी के मुख्य प्रशासन ने आदेश जारी किए है। मुख्य प्रशासक की ओर से अधिकारियों को एक सप्ताह का समय दिया है।
बता दे कि शहर के जनता भवन रोड स्थित ग्रीन बेल्ट में अनाज मंडी के ही कुछ सदस्यों ने मंदिर का निर्माण करीब छह माह पहले शुरू किया था। जिसके बाद आसपास के लोगों ने इस मामले की शिकायत नगर परिषद, एचएसवीपी और उपायुक्त को भी शिकायत दी थी। लेकिन उस समय केवल बिजली के ही कनेक्शन काट कर खानापूर्ति कर दी गई थी और नगर परिषद ने निर्माण कार्य रोकने के आदेश जारी किए थे। लेकिन इसके बाद संबंधित लोगों की ओर से काम को अधिक तेजी से करने की प्रक्रिया शुरू कर दी और अब यहां पर बड़े भवन का निर्माण हो चुका है। लेकिन आरटीआई कार्यकर्ता करतार सिंह की ओर से एचएसवीपी को मामले की शिकायत दी गई थी। जिसके बाद एचएसवीपी के मुख्य प्रशासक ने हुडा को वह भवन हटाने के आदेश दिए हैं। हिसार के प्रशासक और सिरसा के इस्टेट ऑफिसर को भेजे आदेश पत्र में उन्होंने एक सप्ताह के अंतराल में ही कार्य करने के आदेश दिए हैं और अतिक्रमण हटाने के बाद उसका फोटो भी भेजने के निर्देश दिए हैं।