फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

देश 100 दिन में नहीं पहुंचा मंगल पर : सोनिया

Sat, 04 Oct 2014 11:59 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, सिरसा
विज्ञापन
विज्ञापन
कांग्रेस की स्टार प्रचारक सोनिया गांधी ने बिना नाम लिए भाजपा पर हमला बोलते हुए देश के विकास के लिए कांग्रेस के कार्यकाल को आधार बताया।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि झूठे सपने दिखाने वालों से सावधान रहें। बिना नाम लिए इनेलो पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले धमकियां व वसूली का माहौल था।

कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को सिरसा के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में सिरसा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के नौ प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर रहीं थीं।
विज्ञापन


करीब 11 मिनट के भाषण ने सोनिया गांधी ने न भाजपा का नाम लिया, न ही नरेंद्र मोदी का। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश चांद पर पहुंचा, मंगल पर पहुंचा, परमाणु देश बना यह 100 दिन में नहीं होता।

इसके लिए कांग्रेस के कार्यकाल की बरसों की मेहनत लगी है। देश के युवाओं ने अपनी मेहनत से दुनिया में नाम चमकाया है।

रैली में अव्यवस्थाओं का रेला
शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित सोनिया गांधी की रैली में अव्यवस्थाओं का आलम रहा। कार्यकर्ताओं को करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

दूसरी ओर पंडाल में न तो पंखे चल रहे थे और न ही लोगों को पीने का पानी मिल रहा था। कार्यकर्ताओं के बार-बार शोर मचाने पर पंखे शुरू किए गए।

रैली का समय कार्यकर्ताओं को डेढ़ बजे बताया गया था। ऐसे में लोग दोपहर 12 बजे ही पहुंचना शुरू हो गए थे। सभास्थल पर पंखे तो लगे थे, लेकिन चालू नहीं किए गए थे।

पीने के पानी की व्यवस्था भी नहीं थी। मंच भी एक ही बनाया गया था। सबसे अहम बात यह रही थी रैली में कोई भी माइक चालू नहीं था। चारों तरफ सन्नाटा-सा छाया हुआ था।

लोगों ने जब पंखे चलवाने और पानी के लिए शोर मचाया तो कुछ देर बाद एक ओर के पंखे शुरू किए गए। बाद में पानी आया तो लोग टूट पड़े और एक-दूसरे के साथ धक्का-मुक्की हुई।

सोनिया गांधी जब मैदान पर पहुंची तो माइक की आवाज की टेस्टिंग शुरू हुई। लोगों को सोनिया गांधी के आने का पता वहां लगाई गई बड़ी स्क्रीन पर देखकर ही लगा।

.....और मुख्यमंत्री मुस्कराए
जब तक मुख्यमंत्री मंच पर रहे उनके चेहरे पर खुशी के भाव नहीं दिख रहे थे। उसी मंच पर अशोक तंवर भी थे और सोनिया गांधी भी।

जिस समय मुख्यमंत्री ने जनता को संबोधित किया, तब उनकी आवाज में बदलाव भी महसूस किया गया। उम्मीदवारों के परिचय करवाते समय जब मंच पर डबवाली के उम्मीदवार डॉ. केवी सिंह और रानियां के चौ. रणजीत सिंह आए।

तो मुख्यमंत्री के चेहरे पर रैली की पहली मुस्कराहट देखी गई। इन दोनों को टिकट दिलाने में मुख्यमंत्री की अहम भूमिका रही है।

जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह ने बेहतर नीतियों को लागू किया, जिसके चलते आज देश का आर्थिक विकास हुआ।

अब तक 67 साल के शासनकाल में करीब पांच दशक कांग्रेस के समय में विकास की ठोस नीवं रखी गई थी। झूठे सपने दिखाने वालों की कथनी व करनी में अंतर अब जनता समझने लगी है।

गठबंधन पर उन्होंने का कि चुनाव के समय कई गठबंधन हुए कई टूटे ऐसे लोगों को आपकी चिंता नहीं है। उन्हें तो अपने परिवार की चिंता है।

सच व झूठ के अंतर को समझें
इंडियन नेशनल लोकदल पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पहले यहां धमकियाें व वसूली का माहौल था। दस साल में कांग्रेस ने विकास किया है।

उन्होंने कहा कि सच व झूठ का अंतर समझें किसी के बहकावे में न आएं। सोनिया गांधी ने हरियाणा में कांग्रेस के विकास कार्य भी गिनाते हुए कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

मैं तो फांसी पर लटका दिया गया होता : हुड्डा
मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि यूपीए की सरकार ने सात लाख किसानों के कर्ज माफ किए हैं। किसानों के लिए ब्याज दर को 11 से घटाकर चार प्रतिशत किया था।

तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनने पर बिना ब्याज का कर्ज देंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को 3200 लोगों को नौकरी देने नहीं बल्कि सिलेक्शन लिस्ट बदलने के कारण सजा हुई है।

3200 योग्य युवाओं के परिवारों के घर के चिराग बुझाने का काम किया। नौकरी देने से किसी को सजा नहीं होती। ऐसा होता तो मैने 80 हजार नौकरी दी हैं।

मैं तो फांसी पर लटका दिया गया होता। भाजपा-इनेलो की 1999 से 2005 तक संयुक्त सरकार के कार्यकाल में पेंशन 200 रुपये थी। छह साल में एक रुपया नहीं बढ़ाया। कांग्रेस ने 200 से बढ़ाकर एक हजार रुपये तक पहुंचाई।

भाजपा सरकार में किसानों को नुकसान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही नरमा व धान की कीमत में 1500 से 2000 रुपये की गिरावट हो गई।

हर किसान को 20 से 25 हजार का नुकसान कर दिया। क्या यही अच्छे दिन थे। डॉ. मनमोहन अमेरिका गए तो न्यूक्लियर डील लेकर आए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका से जनता के लिए क्या लेकर आए हैं देश को बताएं। भाजपा ने सरकार बनते ही मनरेगा को रोकने का काम किया।

माइक डेढ़ घंटे रहे खामोश
शनिवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित कांग्रेस की रैली को लेकर दोपहर डेढ़ बजे का समय दिया गया था।

लेकिन करीब तीन बजे तक रैली स्थल पर सन्नाटा पसरा रहा। मंच से किसी तरह का संबोधन नहीं था। माइक पूरी तरह से खामोश रहे। सोनिया गांधी के स्टेडियम पहुंचने पर माइक को ऑन किया गया।

डी तोड़कर जनता तक पहुंची सोनिया
रैली समाप्त होने पर कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी सुरक्षा के लिए बनाए गए डी के घेरे के तोड़कर जनता के करीब पहुंची।

उन्होंने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया। हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार भी किया। करीब एक मिनट बाद वह वापस अपनी गाड़ी की ओर लौट गईं।

गांधी परिवार का गुणगान
कांग्रेस की रैली में अशोक तंवर व भूपेंद्र सिंह हुडडा गांधी परिवार के गुणगाण में जुटे रहे। अशोक तंवर ने कहा कि सोनिया विश्व की सबसे ताकतवर महिला हैं और रहेंगी।

भूपेंद्र हुड्डा ने जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, सोनिया गांधी के कार्यों को गिनाते हुए उन्होंने कहा कि गांधी परिवार के प्रयासों से ही देश यहां तक पहुंचा है।

सोनिया ने थपथापई हुड्डा की पीठ
सोनिया गांधी ने हरियाणा में मनरेगा की सबसे अधिक मजदूरी, सबसे अधिक वृद्धावस्था पेंशन, सबसे अधिक गन्ने के भाव, भूमि अधिग्रहण पर सबसे अधिक दाम, सबसे अधिक वजीफे देने पर सीएम भूपेंद्र हुड्डा की पीठ थपथपाई।

ये रहे मौजूद
इस मौके पर कुमारी सैलजा, शकील अहमद, सीपीएस प्रहलाद सिंह गिल्लाखेड़ा, कांग्रेस के डबवाली से उम्मीदवार डॉ. केवी सिंह, ऐलनाबाद से रमेश भादू, सिरसा से नवीन केडिया, कालांवाली से शीशपाल केहरवाला, रानियां से चौ. रणजीत सिंह, फतेहाबाद से प्रहलाद सिंह गिल्लाखेडा, टोहाना से परमवीर सिंह, रतिया से जनरैल सिंह, नरवाना से विद्या देवी मौजूद थे।
विज्ञापन


इस सभी उम्मीदवारों का सोनिया गांधी और जनता से मंच से परिचय करवाया गया। नवीन केडिया ने सोनिया गांधी को स्मृति चिह्न प्रदान किया। सिरसा चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष कुलदीप सिंह गदाराना ने अतिथियों और जनता का आभार जताया।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें