रोड़ी/सिरसा। गांव कुरंगावाली में शराब के लिए रुपये नहीं देने पर हुए विवाद की रंजिश में शनिवार रात कुछ लोगों ने घर में घुसकर पिता-पुत्रों पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इससे 65 वर्षीय लीला सिंह की मौत हो गई और उनके छोटे बेटे को गंभीर हालत में बठिंडा एम्स में भर्ती करवाया है। बड़े बेटे के भी चोटें लगी हैं।
पुलिस ने तीन नामजदों सहित 4-5 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए सिरसा और पुलिस टीम अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है। रोड़ी थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार के मुताबिक हरदीप सिंह ने रिपोर्ट में बताया कि उसका पंजाब रोडवेज में चालक के पद पर चयन हुआ है।
छोटा भाई गुरदीप सिंह कालांवाली में ट्रैक्टर मिस्त्री है। कुछ दिन पहले गांव के शंभू नामक व्यक्ति ने शराब पीने के लिए उससे एक हजार रुपये मांगे थे। इन्कार किया तो बहसबाजी हुई। हरदीप के अनुसार उस समय गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया। तभी से शंभू उससे रंजिश रखने लगा था। वह जब भी मिलता तो इस बात को लेकर बहस करता।