गांव करीवाला में पेयजल कनेक्शन काटने की कार्रवाई करते हुए कर्मचारी।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिले के गांव करीवाला में जन स्वास्थ्य विभाग व अटल भू जल योजना के तहत संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना अनुमति पेयजल कनेक्शन से बागवानी क्षेत्र में पेयजल का उपयोग करने पर छह कनेक्शन काटे गए। वहीं व्यर्थ पेयजल बहाने पर 40 नोटिस दिए गए हैं।
जन स्वास्थ्य विभाग के जल स्वच्छता सहायक संगठन जिला सलाहकार राकेश सोगलान व भू जल विशेषज्ञ संजीत सिंह की टीम ने गांव करीवाला में संयुक्त रूप से जल संरक्षण के तहत अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान गांव में अनेक स्थानों पर टैब कनेक्शन से व्यर्थ पेयजल बहता दिखाई दिया। इस पर टीम ने ग्रामीणों को जल संरक्षण को लेकर जानकारी दी तथा जिन घरों में टैब कनेक्शन से व्यर्थ पेयजल बह रहा था उन्हें नोटिस थमाया गया।
सुधार नहीं हुआ तो लगेगा जुर्माना
गांव करीवाला में निरीक्षण के दौरान छह स्थानों पर पेयजल कनेक्शन से बागवानी व खेत में पानी छोड़ा जा रहा था। इस पर कार्रवाई करते हुए जांच दल ने छह पेयजल कनेक्शन काट दिए। कनेक्शन काटने के बाद संबंधित उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई कि भविष्य में अगर निरीक्षण के दौरान ऐसा पाया जाता है तो जुर्माना वसूल किया जाएगा।
कुछ समय पूर्व करीवाला में ग्रामीणों को व्यर्थ बह रहे पेयजल को रोकने के लिए चेताया गया था। परंतु इस स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। वीरवार को निरीक्षण के दौरान कोई सुधार नहीं मिला, जिसके चलते कार्रवाई की गई। - संजीत सिंह, भू जल विशेषज्ञ, सिरसा
व्यर्थ बह रहे पेयजल को रोकने के लिए ग्रामीणों को समझाया जा रहा है। करीवाला में पेयजल का खेत व बागवानी में उपयोग करने वालों के कनेक्शन काटे गए हैं। चेतावनी के बावजूद भी अगर सुधार नहीं हुआ तो जुर्माना लगाया जाएगा। - राकेश सोगलान, जल स्वच्छता सहायक संगठन जिला सलाहकार, सिरसा