चोपटा।पुलिस मौके पर जांच करती हुई। संवाद
चोपटा। गांव नाथूसरी कलां में बुधवार को एक नवजात बच्ची कपड़े में लपेटी हुई मिली। बच्ची बिल्कुल स्वस्थ है और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूसरी चोपटा में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरी ओर एक अनजान महिला ने बेटी को जीवन दान दिया। दरअसल, नाथूसरी कलां के प्राथमिक विद्यालय के पास हंजीरा रोड पर एक महिला गुलशन करीब साढ़े चार बजे कूड़ा डालने के लिए सड़क की तरफ गई तो एक नवजात के रोने की आवाज आई।
महिला ने पास जाकर देखा तो कपड़े में लिपटी हुई एक नवजात लड़की मिली जिसकी सांसें चल रहीं थी। महिला ने आसपास के लोगों को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद ग्रामीण एकत्रित हो गए और एंबुलेंस की सहायता से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथूसरी चोपटा में पहुंचाया गया। नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी राधेश्याम का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली की नाथूसरी कलां के हंजीरा रोड पर एक नवजात बच्ची मिली है।
पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर मौके का मुआयना किया और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं महिला गुलशन का कहना है कि वह इस बच्ची को गोद लेकर पालन चाहती है। उसके पहले से दो बेटे हैं और अब वह इसको बेटी बनाकर पालना चाहती हैं।
बच्ची का वजन मिला कम
चिकित्सक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची का नाल स्वास्थ्य केंद्र में काटा गया। नवजात का शुगर इत्यादि लेवल सही पाया गया, लेकिन थोड़ा वजन कम मिला। बच्ची की पूरी देख रेख की जा रही है। फिलहाल बच्ची स्वस्थ है अब नवजात को सिरसा के नागरिक अस्पताल में बाल वार्ड में रेफर किया जा रहा है।