सिरसा। परिचालकों की कमी के चलते वर्कशॉप में खड़ी नई मिनी, गुलाबी और बड़ी बसों के अब जल्द ही चलने की उम्मीद है। नई मिनी बसों को अब ग्रामीण रूटों पर चलाया जाएगा। सोमवार तक सिरसा डिपो को मुख्यालय से परिचालक मिलने की भी उम्मीद है।
सिरसा डिपो में परिचालकों की कमी के चलते एक माह से पांच गुलाबी सहित बड़ी 15 बसों वर्कशॉप में खड़ी हैं। इसके साथ ही रोडवेज में आई 19 नई मिनी बसों का अभी रूट पर संचालन नहीं हो पाया है। इसके चलते यात्रियों को इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।गुलाबी बसों के संचालन न होने के कारण छात्राओं को बस में लटक कर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा है। बस का संचालन करवाने के लिए हर रोज छात्राएं शिकायत भी लेकर पहुंच रही हैं। ऐसे में तत्कालीन रोडवेज महाप्रबंधक केआर कौशल की ओर से 100 परिचालकों की मांग मुख्यालय में भेजी गई थी। इसके बाद मुख्यालय की ओर से कौशल रोजगार योजना के तहत परिचालक रखने के लिए पत्र भी जारी किया गया है। सोमवार के बाद सिरसा डिपो में परिचालकों के पहुंचने की उम्मीद है। जिससे यात्रियों को इस परेशानी से निजात मिल पाएगी ।
तंग रास्ते वाले रूट पर किया जाएगा संचालन
रोडवेज के पास पहुंची 19 मिनी बसों को विभाग की ओर से लोकल ग्रामीण रूटों पर चलाया जाएगा। जिले के कई ऐसे गांव हैं, जहां पर रोड संकरा होने के कारण वहां बड़ी बसें नहीं पहुंच पाती। इसके चलते इन नई बसों का उन ग्रामीण रूटों पर संचालन किया जाएगा।सुबह के समय विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण भीड़ होती है, जबकि दोपहर के समय ग्रामीण रूटों पर यात्रियों की संख्या कम रहती है। इसके चलते समय सारिणी अनुसार बसों का संचालन किया जाएगा ।
वर्जन
मिनी बसों को सोमवार के पश्चात चलाने की तैयारी की जा रही है। परिचालकों की मांग भेजी गई है। जल्द ही परिचालक मिलने की उम्मीद है। जिसके पश्चात गुलाबी और मिनी सहित सभी बसों का रूट पर संचालन शुरू कर दिया जाएगा। शेर सिंह, रोडवेज महाप्रबंधक, सिरसा डिपो ।