गांव डिंग में एक महिला को पड़ोसियों द्वारा जहर देकर मारने का के आरोप है। परिजनों ने मृतका शीतल का शव नेशनल हाइवे नौ पर रखकर प्रदर्शन किया। महिला के परिजनों ने पड़ोसी छबीलदास पर आरोप लगाए हैं कि उन्होंने उसकी पत्नी को सल्फास की गोली दी है जिससे उसकी मौत हुई है। एसएचओ डिंग सुखबीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है, जिसके बाद मृतका के परिजनों ने जाम खोला।
गांव डिंग की रहने वाली दलीप ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले छबील दास और उसके परिवार के लोगों ने उसकी पत्नी शीतल को सल्फास खिला दिया। आरोप है कि पिछले काफी दिनों से उसकी पड़ोसी छबीलदास और उसके भाई सतबीर के साथ रंजिश चल रही थी। क्योंकि छबीलदास रात को शराब पीकर आता था और गली में हंगामा करता था। जिस पर उसने उसे कई बार रोका तो वह उसके साथ ही लड़ाई करने लगा और गालियां देने लगा। दलीप ने बताया कि सोमवार शाम को छबील दास ने अपने लड़कों के साथ उसके बेटे सुनील की दुुकान पर तोड़ फोड़ की। तोड़फोड़ के बाद सभी उसके घर पहुंचे जहां उसकी पत्नी शीतल अकेली मौजूद थी और वह खुद दूध लेने गया हुआ था। पत्नी शीतल को अकेली देख छबीलदास व उसकी पत्नी और उसके दो लड़के ने शीतल को सल्फास की गोली खिला दी। जब दलीप दूध लेकर घर पहुंचा तो उसकी पत्नी को उल्टियां शुरू हो गई थी। पत्नी ने पूरी घटना की जानकारी दी। जिस पर दलीप ने पुलिस को फोन कर पूरी जानकारी दी और महिला को शहर ले जाने के लिए एंबुलेंस मंगवाई।
दलीप ने आरोप लगाए कि जब वह अपनी पत्नी को लेकर अस्पताल में आ रहा था तो छबीलदास के लड़कों ने एंबुलेंस के आगे गाड़ी लगा दी, जिससे उन्हें अस्पताल पहुंचने में देरी हो गई। अस्पताल में पहुंचते ही चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत के बाद परिजनों ने डिंग में शव नेशनल हाइवे पर रख दिया। महिला के परिजनों ने डिंग मोड़ पर हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने के बाद डिंग थाना एसएचओ सुखबीर सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी लेकर परिजनों को आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मृतका के पति दलीप के बयान पर आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। जिसमें छबीलदास, सोनू, सतबीर, शुभम, बिट्टू और इन्हीं के परिवार की तीन महिलाओं के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
- सुखबीर सिंह, एसएचओ डिंग थाना।