संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) 4 मई को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। इसमें 2038 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को नकल रहित और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां कर ली हैं।
बुधवार को अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन और पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों की निगरानी और परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जाएंगे, जिनकी समय पर जांच सुनिश्चित की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, प्राथमिक चिकित्सा सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी हस्तक्षेप को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क रहेगा। प्रशासन और पुलिस दोनों ही विभाग परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
नीट परीक्षा के सिटी कॉर्डिनेटर एवं केंद्रीय विद्यालय नंबर एक के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस बार जिले में 2038 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उनके लिए कुल पांच परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।