ऐलनाबाद। प्रदेश सरकार के पंचायत मंत्री देवेंद्र बबली सरपंचों को बदनाम करने में लगे हुए हैं जो अति निंदनीय बात है। यह बात ऐलनाबाद में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरपंच एसोसिएशन सिरसा के अध्यक्ष जसकरण सिंह कंग ने कहे।
उन्होंने कहा कि सरपंच गत कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार उनकी मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रही, जिसके चलते मुख्यमंत्री की 3 फरवरी को नरवाना में होने वाली रैली का विरोध करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस रैली का विरोध करने के लिए सिरसा, फतेहाबाद, हांसी व हिसार 4 जिलों की ड्यूटी लगी लगाई गई है, जिसके तहत बद्दोवाल टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन करके रैली में जाने वाले लोगों को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी अगर सरकार नहीं मानती तो स्टेट बॉडी की तरफ से जो भी फैसला लिया जाएगा उसके अनुसार आगे का धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी सरपंचों द्वारा फैसला लिया गया है कि वह भाजपा नेतृत्व को अपने गांवों में नहीं घुसने देंगे। उन्होंने पंचायत मंत्री को चैलेंज करते हुए कहा कि अगर वह मंत्री बनने के बाद और पहले की अपनी जायदाद का पूरा ब्योरा लोगों के सामने रखते हैं, तो सिरसा जिले के सभी 339 सरपंच भी पूरी संपत्ति का ब्योरा देने को तैयार है। इस अवसर पर गांव मिठी सुरेरां के सरपंच सत्यनारायण बशीर सहित और गांवों के सरपंच भी मौजूद थे।