डबवाली अग्निकांड में मारे गए 442 लोगों को अग्निकांड स्मारक पर बुधवार को हजारों की संख्या में इक्टठे हुए क्षेत्र के लोगों, राजनेताओं, समाजसेवी एवं शैक्षणिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। अग्निकांड के 20 वर्षों में पहली बार स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि देने वालों की भारी भीड़ जुटी। पीड़ितों का मर्म समझते हुए पुलिस महानिरीक्षक हिसार अनिल राव ने कहा कि दिल्ली में मेरे एक मित्र प्लास्टिक सर्जन है और यदि किसी डबवाली अग्निकांड पीड़ित को एडवांस प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत है तो वह उन्हें मुफ्त में सर्जरी की सुविधा देगा। राव के इस बयान के बाद पीड़ितों में एक अच्छे दिन की एक आस दिखी।
वहीं श्रद्धांजली समारोह में पहुंचे पूर्व विधायक डॉ. सीताराम ने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि डबवाली अग्निकांड आज भी लोगों के जहन में एक ताजा है। पीड़ितों को मेडिकल एड की अभी भी जरूरत है। जिसके चलते डबवाली में मेडिकल कॉलेज का बनना जरूरी है। साथ ही लोगों को भविष्य में इस प्रकार के कांड न हो के लिए जागरूक करने की जरूरत है। भाजपा नेता देवकुमार शर्मा ने संबोधन में कहा कि सरकार डबवाली अग्निकांड पीड़ितों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने के लिए तैयार है। अग्निकांड पीड़ितों की मांग के लिए वह मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के पास जाने के लिए तैयार है। पीड़िता सुमन ने कहा कि वह तो आयु भर अपने ट्रीटमेंट में उलझ कर रह गई है। उसने एमए तक पढ़ाई भी की। लेकिन न तो सरकार ने और न ही प्राइवेट विद्यालय में किसी ने नौकरी नहीं दी। उसकेे इन बातों ने तो स्मारक पर पहुंचे सभी लोगों को झकझोर दिया। मौके को देख विधायक नैना चौटाला ने तुरंत उसे गोद लेने की घोषणा की और साथ में यह भी कहा कि जेसीडी संस्थान सिरसा में प्लास्टिक सर्जन की सुविधा है। वहां पर कोई भी डबवाली अग्निकांड पीड़ित अपने इलाज के लिए जा सकता है। जिसका पूरा खर्चा जेसीडी संस्थान वाहन करेगी।
एसोसिएशन ने मेडिकल कॉलेज के लिए सौंपा ज्ञापन
डबवाली फॉयर विक्टम एसोसिएशन ने एसडीएम की मार्फत मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। जिसमें डबवाली में मेडिकल कॉलेज बनाने, अग्निकांड स्मारक को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने, डबवाली में बच्चों को समर्पित इंजीनियरिंग कॉलेज बनवाने तथा अग्निशमन के विषय को बच्चों के पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की। पूर्व सीएम हुड्डा के पूर्व ओएसडी डॉ. केवी सिंह ने कहा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डबवाली में अग्निकांड के शहीदों की याद में 100 बेड का अस्पताल प्रमोट करके अच्छा कार्य किया है। अगर इसे तीन सौ बेड कर दे और गांव शेरगढ़ में पड़ी सरकार की 40 एकड़ जमीन अस्पताल के साथ जोड़ दे तो डबवाली में ही कम खर्च पर मेडिकल कॉलेज बन जाएगा। जिसका लाभ तीन राज्यों की जनता को होगा और साथ में डबवाली क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग की भी पूर्ति हो जाएगी। इस मौके पर पूर्व सांसद अशोक तंवर ने कहा कि डबवाली अग्निकांड पीड़ितों की मांगों के लिए वह विपक्ष में होते हुए भी मुख्यमंत्री तथा प्रधानमंत्री के पास भाजपा नेताओं के साथ सर्वदलीय शिष्टमंडल के रूप में जाने को तैयार हूं। इस मौके पर एसपी सतिंद्र गुप्ता, डीएसपी सतपाल यादव, सीएमओ सूरजभान कंबोज, एसएमओ एमके भादू, एनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्गविजय सिंह, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जीपीएस किंगरे, शिरोमणि गुरद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य जगसीर सिंह उपस्थित थे।