डेरा सच्चा सौदा के शाह सतनाम जी धाम में आयोजित ‘महापरोपकार दिवस लायन हार्ट प्रमोशन फुल ब्लास्ट’ करोड़ों लोगों के लिए खुशियाें की ढेरों सौगातें लेकर आया। इस मौके पर संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां की आने वाली फिल्म ‘एमएसजी द वारियर लायन हार्ट’ का प्रमोशन किया गया। फिल्म आने की खुशी में एक लाख 50 हजार घी के दीए जलाकर अनोखा विश्व कीर्तिमान बनाया।
डॉ. संत गुरमीत राम रहीम सिंह इंसां एमएसजी ‘शेरदिल’ किरदार की ड्रेस में मंच पर आए और फिल्म का प्रमोशन किया। फिल्म का एक और गीत रिलीज किया, इसके अलावा फिल्म के गाने व ट्रेलर भी बड़ी स्क्रीनों पर दिखाए गए। डेरा प्रमुख छोटे आकार की जीप में सवार होकर आए और उसे सीढ़ियों से सीधे स्टेज पर चढ़ा दिया। बाद में उन्होंने ‘मेरी आखाें में बसे शाह सतनाम, यू आर माय लव चार्जर’ आदि गीताें पर आधारित मैशप सुनाया, जिस पर जनसमूह झूम उठा। बाद में फिल्म का ट्रेलर व टाइटल ट्रेक ‘शेरदिल’ दिखाया। फिल्म का एक और गाना ‘बारिश’ भी रिलीज किया। उन्होंने फिल्म निर्माण के दौरान हुए अनुभवाें को प्रशंसकाें के साथ साझा किया। इस कार्यक्रम का फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया गया और मात्र 20 मिनट में ही 2.75 लाख लोगों ने इसे देखा।
फिल्म का मेहनताना करेंगे मानव भलाई कार्यों पर खर्च
पत्रकारों से बातचीत करते हुए डेरा प्रमुख ने कहा कि फिल्म का प्रमोशन जरूरी है और मीडिया इसका सबसे सशक्त माध्यम है। समाज के कोने कोने तक फिल्म का मैसेज पहुंचाया जा सकता है। यह फिल्म बहुत बड़ा संदेश देने वाली फिल्म है, जिसमें उन्हाेंने ट्रिपल रोल अदा किए हैं। फिल्म में 300 साल पुराने राजपूत योद्धा शेरदिल की कहानी है जो माता बहनाें व धरती मां की इज्जत बचाने के लिए एलियंस से भी लड़ जाता है। उन्होंने कहा कि फिल्म की सफलता के लिए नंगापन का होना ही जरूरी नहीं है। स्वस्थ तरीके से भी इंटरटेन किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पिछली फिल्माें की तरह इस फिल्म से मिलने वाले मेहनताने को भी वे मानवता भलाई कार्यों पर खर्च करेंगे। इस बार चिकित्सा विज्ञान में स्टेम सैल तकनीक पर यह राशि खर्च की जाएगी। उन्हाेंने बताया कि फिल्म निर्माण करने वाली कंपनी हकीकत एंटरटेंमेंट ने फिल्माें से प्राप्त कमाई से अत्याधुनिक सुविधाआें से सुसज्जित अस्पताल खोला गया हैं, जहां गरीबाें व जरूरतमंदाें का फ्री में इलाज किया जाता है। उन्होंने बताया कि एक संत के रूप में उनका लक्ष्य है कि अधिक से अधिक लोग बुराइयां छोड़कर राम नाम से जुडे़। नशा, मांसाहार, वेश्यावृत्ति इत्यादि का त्याग का मानवता की सेवा से जुडे़, ईश्वर की भक्ति इबादत करें।
1.50 लाख दीए जलाकर बनाया अनोखा विश्व रिकार्ड
‘एमएसजी द वारियर लायन हार्ट’ फिल्म आने की खुशी में प्रशंसकों ने एक अनोखा रिकार्ड बनाया। शाह सतनाम जी क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में हजाराें प्रशंसकों ने एक लाख 50 हजार घी के दीए जलाए। स्टेडियम में दीयों से बनाए गए विशालकाय घेरे के बीच बहुत की कलात्मक डिजाइन में ‘एमएसजी लायन हार्ट’ लिखा हुआ था। उंचाई से आसमान से ड्रोन कैमरे की मदद से लिए गए चित्र में दीए बहुत की आकर्षक नजर आए। इससे पहले यह रिकार्ड एक राष्ट्रीय समाचारपत्र के नाम था, जिनके वालंटियर्स ने 30 जनवरी 2016 को 21,075 दीए जलाए थे।
किस किस को मिला सम्मान
सत्संग के दौरान डेरा प्रमुख ने समाजसेवा में प्रथम स्थान पर रहने वाले सेवादारों को एमएसजी सुप्रीम गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया। उन्हाेंने देश की रक्षा के लिए शहीद होने वाले सैनिकाें के परिवाराें को 25-25 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया, इनमें 1965 व 1971 के युद्ध में शहीद हुए सैनिकाें तथा 2016 में पठानकोट में गरूड कमांडो शहीद गुरसेवक के पिता सुच्चा सिंह, सांबा सेक्टर में शहीद हुए सैनिक जसपाल की पत्नी भी शामिल थे। बुद्धि व कौशल से समाज का भला करने वालों को समाज के कर्मठ योद्धा अवार्ड से सम्मानित किया। सम्मानित होने वालाें में राष्ट्रपति पदक विजेता डॉ. राजन लांबा, होनहार छात्र चिराग, स्वच्छता अभियान में अहम योगदान देने वाले सतीश इंसां, कृषि विशेषज्ञ सतपाल सिंह कैथल, आर्गेनिक खेती करने वाले किसान राजेश निवासी कैथल, धान की खेती व फव्वारा खेती अपनाने वाले गुलाब सिंह, 25 मई 2016 को माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने वाली सीवन निवासी सीमा गोस्वामी को सम्मानित किया। स्वाधीनता संग्राम में अहम योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को अवार्ड देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में राय सिंह पतंगा निवासी खन्ना, फूला सिंह निवासी राजपुरा,निर्मल सिंह लुधियाना, अवतार सिांह, मोहकम सिंह, वरयाम सिंह इत्यादि शामिल है। उन्होंने डेरा सच्चा सौदा के नाम बने 56वें कीर्तिमान का लोकार्पण किया। मानवता भलाई को समर्पित इस रिकार्ड में बीती एक सितंबर 2015 को पानीपत में हुए सफाई महाअभियान में चार लाख 90 हजार 793 लोगाें ने झाडू उठाई। लिंका बुक ऑफ रिकार्ड में यह रिकार्ड दर्ज हुआ है।