संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. मनीष बंसल ने रविवार को नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की जांच कर कमियों में सुधार के लिए सिविल सर्जन और पीएमओ को निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कहा कि नगारिक अस्पताल में एमआरआई की सुविधा जल्द शुरू की जाएगी। इसके लिए जगह चयनित कर ली गई है। पीपीपी मोड पर एमआरआई शुरू होने से मरीजों को सस्ते दाम पर जांच की सुविधा मिल सकेगी।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य महानिदेशक को निकू वार्ड में साधारण कपड़े से बने पर्दे लगे मिले। उन्होंने इन पर्दों को तुरंत प्रभाव से हटाने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि साधारण कपड़े से बने पर्दों में बैक्टीरिया होता है। इससे बच्चों के बीमार होने का खतरा कई गुणा बढ़ जाता है। इसलिए यहां पर विशेष रूप से इमरजेंसी के लिए प्रयोग में किए जाने वाले पर्दे लगवाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि इन पर्दों को हटा जाएगा और बेहतर क्वालिटी के पर्दे लगाए जाएंगे।
महानिदेशक ने गायनी वार्ड और लैब का निरीक्षण कर सुविधाओं का जायजा लिया और सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। गायनी वार्ड की सुविधाओं को लेकर उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों की तारीफ भी की। इसके अतिरिक्त उन्होंने लैब को अपग्रेड करने को लेकर निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एमआरआई की मशीन की जल्द ही सुविधा मिलेगी। इसे मरीजों को बाहर से इलाज नहीं करवाना पडेगा।
प्री-फैब्रीकेटिड नशा मुक्ति केंद्र में मरीजों से लिया फीडबैक
डीजी हेल्थ डाॅ. मनीष बंसल ने जिला नागरिक अस्पताल परिसर में स्थापित प्री फेब्रिकेटिड नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपचार के लिए भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से बातचीत की। उनसे अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जाना। मरीजों ने नशा मुक्ति केंद्र में बेहतर उपचार मिलने और चिकित्सीय सुविधाओं को लेकर संतुष्टि जाहिर की। उन्होंने नशा मुक्ति केंद्र की छतों की फाल सीलिंग करवाने के आदेश पीएमओ को दिए। इसके अतिरिक्त निदेशक बंसल ने नागरिक अस्पताल स्थित लेबर रूम, एसएनसीयू, ट्रामा सेंटर, आईसीयू का भी गहनता से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश विभागीय टीम को दिए।
अतिरिक्त शौचालय की जाएगी व्यवस्था
बातचीत के दौरान मरीजों ने डीजी हेल्थ को शौचालय के कमी की समस्या रखी। इस पर उन्होंने अस्पताल परिसर में अतिरिक्त शौचालय बनाने की बात कही। उन्होंने सीएमओ को कहा कि अतिरिक्त शौचालय बनाया जाए, जिससे मरीजों व उनके परिजनों को सुविधा मिले।
पुरानी मशीनों को कंडम घोषित कर नई मशीनें खरीदें
डीजी हेल्थ जब एक्स रे विभाग की पुरानी खराब पड़ी मशीन देखी तो उन्होंने खराब मशीनों के बारे में सीएमओ और पीएमओ से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि कुछ मशीनें खराब पड़ी है। इस पर उन्होंने कहा कि सभी खराब मशीनों को तुंरत प्रभाव से कंडम घोषित करने की प्रक्रिया अमल में लाए। बता दें कि नागरिक अस्पताल में एक्स रे की दो मशीनें कंडम हालात में हैं। यदि दोनों मशीनें नई मिलती है तो एक्स रे की सुविधा और बेहतर हो पाएगी।
इन विभागों का भी किया निरीक्षण
डीजी हेल्थ में टीबी विभाग का निरीक्षण किया। मरीजों से उपचार व अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके अतिरिक्त ट्रामा सेंटर, एमरजेंसी और आईसीयू विभाग का निरीक्षण किया। इस मौके पर सीएमओ डाॅ. महेंद्र भादू, पीएमओ डाॅ. पवन, बाल रोग विशेषज्ञ डाॅ. भारत भूषण, उप सिविल सर्जन डाॅ. विपुल गुप्ता, डाॅ. प्रमोद शर्मा व फतेहाबाद से वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुभाष मौजूद रहे।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
नागरिक अस्पताल में एमआरआई मशीन शुरू करने को लेकर निरीक्षण किया गया है। जल्द ही जिले के मरीजों को एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। इसके लिए जगह चयनित की जा चुकी है। जहां शीघ्र ही मशीन स्थापित कर पीपीपी मोड पर संचालन होगा। पीपीपी मोड पर एमआरआई शुरू होने से जिला के मरीजों को सस्ते दाम पर जांच की सुविधा मिल सकेगी। विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी की समस्या को दूर करने के लिए जल्द ही नई नियुक्तियों भी की जाएंगी। नई नियुक्तियों में स्किन, रेडियोलाजी, न्यूरो, आर्थो, जनरल फिजिशियन के साथ सर्जन चिकित्सक सिरसा में होंगे। -डॉ. मनीष बंसल, स्वास्थ्य महानिदेशक सेवाएं।