सिरसा। जिले की मंडियों में अब तक 21 लाख 28 हजार क्विंटल से ज्यादा गेहूं की आवक हो चुकी है। लेकिन उठान कार्य बेहद धीमा है। अभी तक मंडियों से करीब 5 लाख क्विंटल गेहूं का ही उठान हो पाया है। ऐसे में करीब 16 लाख क्विंटल गेहूं अभी भी मंडियों में खुले में पड़ी है। मौसम परिवर्तन हो रहा है, इसलिए किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है। हालांकि उठान को लेकर मालगाड़ी भी लगाई गई है, उसमें गेहूं का स्टॉक लोड किया जा रहा है।
शुक्रवार को गेहूं लोडिंग के लिए जिले से स्पेशल माल गाड़ी लगाई गई, जिनमें डबवाली व सिरसा से गेहूं के एक लाख बैैग का उठान किया गया है। वीरवार तक जिले में गेहूं की आवक 21 लाख क्विंटल के करीब हो चुकी है। वहीं उठान कार्य धीमा है। प्रतिदिन जिले में करीब 4 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो रही है। जिस गति से गेहूं की आवक हो रही है उस हिसाब से गेहूं का उठान न होने के चलते मंडियों में गेहूं की बोरियां रखने के लिए जगह कम पड़ गई है। जिसके चलते किसानों को गेहूं की ढेरियां प्लेटफार्म की बजाय सड़क पर लगानी पड़ती है। गेेहूं की ढेरी के लिए किसानों को काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है।
मौसम परिवर्तन से बढ़ी गेहूं के बैग भीगने की समस्या
खराब मौसम व बरसात से गेहूं के बैग की सुरक्षा मंडी के आढ़तियों की होती है। जिला प्रशासन जिसे लेकर पूरी तरह निश्चिंत है। लेकिन जब आढ़तियान एसोसिएशन के प्रधान मनोहरलाल मेहता से इस संबंध में बात करनी चाही तो उन्होंने फोन नहीं उठाया, इसलिए उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
जिले की मंडियों में वीरवार तक करीब 21 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है। उठान को लेकर जानकारी नहीं है। इस बारे में डीएफएससी बता सकते हैं।
-चरणजीत गिल,डीएमईओ
मंडी डबवाली व सिरसा के लिए वीरवार को स्पेशल ट्रेन लगा दी गई है। जिसमें करीब 1 लाख गेहूं के बैग लोडिंग किए जाएंगे।
-सुरेंद्र सैनी, डीएफएससी
मंडी में तैनात किए होमगार्ड के जवान
मंडी में गेहूं की सुरक्षा केे लेकर होमगार्ड के जवान तैनात किए गए हैं। इस समय अनाज मंडी में गेहूं की आवक जोरों पर है। ऐसे में चोरी की संभावना भी अधिक है। जिसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने करीब 10 जवान तैनात कर दिए हैं।
-बनवारी लाल, थाना प्रभारी, शहर थाना, सिरसा।