संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। विधायक गोकुल सेतिया ने शनिवार को चार घंटे तक गांव बेगू का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव की महिलाओं ने अपना दर्द बयां किया। महिलाओं ने कहा कि सुबह चार बजे जब पूजा पाठ का समय होता है, तब गांव में दोनों शराब के ठेके खुल जाते हैं। महिलाओं ने कहा कि गांव के करीब 20 लोग शराब बेच रहे हैं, जिससे माहौल बिगड़ रहा है। इस समस्या का समाधान करवाओ। बहुत परेशान हो गए हैं। इस पर विधायक सेतिया ने कहा कि वे सूची बनाकर दें, एसपी को देकर कार्रवाई करवाई जाएगी।
इस दौरान ग्रामीणों ने मेडिकल नशे को लेकर कार्रवाई की मांग रखीं। इस पर विधायक ने ड्रग्स विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और कार्रवाई करने के लिए कहा।
विधायक गोकुल सेतिया शनिवार को सुबह 11 बजे गांव बेगू पहुंचे थे। उन्होंने जन समस्याएं सुनीं और उसके बाद गांव के हालात जायजा लिया। विधायक गोकुल सेतिया के समक्ष ग्रामीणों ने नशे की गोलियां बेचने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि गांव में बड़े स्तर पर नशे के लिए इस्तेमाल होने वाली गोलियां बेची जा रही है। इस पर विधायक ने कहा कि पहले गांव में चिट्टा बिकता था, तो पुलिस को दो लोगों के नाम दिए थे और अंदर करवाया था। चिट्टे पर बड़ी खेप पुलिस ने भी पकड़ी थी। इस दिशा में पुलिस अच्छा काम कर रही है। अब गोलियों को लेकर एसपी साहब से बात हुई है। ड्रग्स विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर पुलिस कार्रवाई करेगी।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::::::
सड़कों पर मिली गंदगी, जोहड़ के हालात बुरे
विधायक ने गांव के अंदर की सफाई व्यवस्था, जोहड़ के हालात, जलघर की स्थित का जायजा लिया। इस दौरान सड़कों पर गंदगी फैली हुई थी। कोई सफाई नहीं थी। जोहड़ के भी बुरे हालात थे। विधायक ने जब अधिकारियों से मौजूदा हालात के बारे में पूछा तो वह तर्क देने लगे। अधिकारियों ने कहा कि फंड ही नहीं है। विधायक ने लोगों के समक्ष ही अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई और समाधान करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि सफाई को लेकर सरकार से पैसे की कमी नहीं है। यह फंड का बहाना न बनाए। इस तरह से पीछा नहीं छूटने वाला है। गांव में सफाई होनी चाहिए, फंड की व्यवस्था स्वयं करें।
::::::::::::::::::::::::::::::::
मुख्यमंत्री के सिरसा आगमन पर पर्सनली मिलकर फोटो सहित दूंगा रिपोर्ट
विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री सफाई को लेकर कार्य कर रहे हैं। उनको भेजी रिपोर्ट में हर गांव में सफाई हो रही है, लेकिन धरातल पर अधिकारियों ने कोई काम नहीं किया है। अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करूंगा, मैं आज की सोचने वाला हूं, कल की नहीं। मुझे काम से मतलब है। विधायक गोकुल सेतिया ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जल्द ही सिरसा आ रहे हैं। गांव बेगू के इन हालात की फोटो सहित रिपोर्ट उन्हें सौंपूगा। उनसे पर्सनली मुलाकात करूंगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लापरवाह अफसरों की करतूत सार्वजनिक मंच से दूंगा।
::::::::::::::::::::::::::::::::::::
अधिकारियों को स्ट्रीट लाइट पोल लगाने वाले ठेकेदार तक का पता नहीं
निरीक्षण के दौरान लोगों ने विधायक से स्ट्रीट लाइट के लिए सोलर पोल गलत जगह लगाने की बात कही। उन्होंने सड़क के साथ लगे पोल दिखाए, जो ट्रैक्टर-ट्राॅली के गुजरने पर अड़ रहे थे। उनकी नींव भी मजबूत नहीं थी। इस पर विधायक ने अधिकारियों से ठेकेदार के बारे में पूछा तो वह बगले झांकने लगे। अधिकारी बोले उन्हें जानकारी नहीं है कि किस ठेकेदार ने लगाए। इस पर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि आपके अधिकार क्षेत्र में ठेकेदार काम कर गया और उसके बारे में जानकारी तक नहीं है। फिर वह काम कैसे हो गया? इस मामले की जांच करवाई जाएगी।