जिला सिरसा के गांव पिपली में शुक्रवार देर रात को घर में सो रहे 60 वर्षीय बुजुर्ग केवल सिंह की अज्ञात लोगों ने सिर पर भारी वस्तु से हमलाकर हत्या कर दी। सुबह जब मृतक की पत्नी उठी तो उसने आंगन में केवल सिंह को मरा हुआ पाया। बुजुर्ग महिला के शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग आए और पुलिस को सूचित किया। केवल सिंह का एक बेटा सेना में है व एक बेटा बठिंडा में रहता है। पुलिस ने मृतक की पत्नी के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भतीजे जगविंद्र ने बताया कि केवल सिंह पहले गांव में चौकीदार था। उसके दो बेटे एक बेटी है। एक बेटा फौज में है, जम्मू-कश्मीर में उसकी ड्यूटी है। दूसरा बेटा बठिंडा में है। घर पर पति-पत्नी दोनों रहते थे। शुक्रवार रात को किसी ने हमला कर केवल सिंह की हत्या कर दी है। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मुख्य गेट खोलकर भाग गए।
सुबह जब मृतक की पत्नी अपने कमरे से बाहर आई तो उसने केवल सिंह को लहूलुहान हालत में मृत पाया। उसके शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग घर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। केवल सिंह का गांव में किसी से कोई विवाद नहीं था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
केवल सिंह का पोस्टमार्टम करवाया है। मृतक की पत्नी के बयानों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। सिर पर किसी लाठी या अन्य चीज से वार किया गया है। जिस कारण केवल सिंह की मौत हुई है। इस मामले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
- रामफल, एसएचओ।