संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के मुख्य बाजार अतिक्रमणकारियों की चपेट में हैं। दुकानदारों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखा जाता है। जिससे बाजार संकरे हो गए हैं। इसलिए नगर परिषद ने फैसला किया है कि बाजारों में अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में अधिकारियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं और चेतावनी स्वरूप मुनादी भी करवा दी है। मंगलवार से अभियान चलाया जाएगा। जहां एक ओर निर्धारित सीमा से बाहर रखे सामान को जब्त किया जाएगा वहीं दूसरी ओर दुकानदारों के चालान भी काटे जाएंगे।
रोड़ी बाजार, सदर बाजार, सिटी थाना रोड, हिसारिया बाजार, सरकूलर रोड इस समय अतिक्रमण की चपेट में है। शहर की मोहंता मार्केट में स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। यहां दुकानदारों ने निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखा हुआ है। ऐसे में गलियां और बाजार तंग हो गए हैं। दोपहिया वाहन चालकों को भी यहां से गुजरने में परेशानी होती है। इसके अलावा सिटी थाना रोड पर भारी वाहन खड़े रहते हैं। भादरा बाजार में भारी वाहनों का प्रवेश यातायात जाम का कारण बनता है। पुरानी सब्जी मंडी और सरकूलर रोड पर भी यही स्थिति है। इसलिए अब नगर परिषद अधिकारियों ने योजना बनाई है कि अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
-
दुकानदारों और रेहड़ी चालकों को चेतावनी जारी की
नगर परिषद की ओर से बाजारों में मुनादी करवा दी है। दुकानदारों और रेहड़ी चालकों को चेतावनी जारी कर दी गई है कि निर्धारित सीमा में ही दुकानों का सामान बाहर रखे। अभियान के दौरान यदि किसी का सामान बाहर मिला तो जब्त कर लिया जाएगा। इतना ही नहीं दुकानदार का चालान भी किया जाएगा।
-
यहां भी रहती है अतिक्रमण की स्थिति
-नोहरिया बाजार
-रानियां बाजार
-सूरतगढि़या बाजार
चांदनी चौक बाजार
सुभाष चौक
-शहीद भगत सिंह चौक
-परशुराम चौक से आंबेडकर चौक
-आर्य समाज रोड
-डबवाली रोड
मोहंता मार्केट से की जाएगी अभियान की शुरुआत
नगर परिषद की ओर से मंगलवार से बाजारों में अभियान चलाया जाएगा। मोहंता मार्केट स्थित नगर परिषद कार्यालय से अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद मुख्य बाजार, संकरी गलियों और रोड़ी बाजार से होते हुए सुभाष चौक, सिटी थाना रोड पर भी अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। नगर परिषद की टीम मंगलवार को अभियान शुरू करेगी।
-
अभियान की तैयारियां पूरी : पवन कंबोज
नगर परिषद की ओर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पवन कंबोज, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद, सिरसा।