सिरसा के डबवाली में गांव मुन्नवाली स्थित जलघर के पीछे खड़े पेड़ से फंदा लगाकर एक व्यक्ति ने जीवन लीला समाप्त कर ली है। मामले की सूचना मिलने के बाद डबवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। वहीं मृतक के बेटे ने परिवार के ही सदस्यों पर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। मृतक की पहचान गांव मुन्नवाली निवासी 66 वर्षीय लाल चंद पुत्र इंदराज के रूप में हुई है।
मृतक के बेटे विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि उसके पिता को परिवार के ही कई सदस्य लंबे समय से परेशान कर रहे थे। आरोप है कि जमीन जायदाद को लेकर उनका भाइयों से आपसी मतभेद चल रहा था। जिससे परेशान होकर उसका पिता रात को ही घर से चला गया था। सुबह उन्हें पिता द्वारा जलघर में खड़े पेड़ के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद वह मौके पर पहुंचे तो उसके पिता ने गले में फंदा लगा रखा जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हालांकि मृतक के पास कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जिसके बाद सीए ए क्राइम के प्रभारी डॉ. अजमेर सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। पुलिस अभी मामले की जांच में जुटी है।