क्षेत्र के गांव माखोसरानी के समीप नोहर फीडर में नहाने उतरे युवक की डूबने से मौत हो गई बेटे को बचाने नहर की कूद मां की भी मौत हो गई। घटना स्थल से सात किमी दूर पांच घंटे बाद दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस ने मृतक के चाचा के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। घटनास्थल पर शवों का पंचनामा तैयार किया जा रहा है इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा ले जाया जाएगा।
सिरसा की पटेल बस्ती निवासी ओमप्रकाश शर्मा का 19 वर्षीय पुत्र विष्णु शर्मा अपनी मां सुमन शर्मा (40 साल) के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी ननिहाल हिसार गांव सीसवाल में धोक लगाने के लिए निकले। रविवार दोपहर करीब दो बजे अधिक गर्मी होने के चलते विष्णु ने गांव माखोसरानी के समीप नोहर फीडर पर बाइक रोक दी और नहर में नहाने चला गया। इस बीच गहराई और पानी का बहाव तेज होने पर वह नहर में डूब गया। जब उसकी मां ने उसे डूबता देखा तो शोर मचाते हुए बेटे को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। सुमन को तैरना भी नहीं आता और बेटे को बचाने के प्रयास में वह भी डूब गई। जब तक लोग मौके पर पहुंचे दोनों डूब चुके थे। लोेगों ने दोनों की तलाश शुरू कर दी साथ ही चोपटा पुलिस को सूचित किया।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने दोनों की तलाश में जगह जगह युवकों को नहर में उतारा। घटनास्थल से सात किमी दूर गांव लुदेसर के समीप गांव के ही युवकों ने विष्णु के शव को बाहर निकाला। साथ ही सुमन की तलाश जारी रखी। लुदेसर से करीब दो किमी आगे चलकर गांव रूवापास क्षेत्र में सुमन का शव भी मिल गया। पुलिस ने मृतक विष्णु के चाचा जगदीश के बयान पर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शवों का पंचनाना भरना शुरू कर दिया है। इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सिरसा ले जाया जाएगा।