संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव फूलकां में भारतीय जाट विकास मंच व समस्त ग्रामीणों की ओर से महाराजा सूरजमल की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में मंगलवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य स्तर पर महापुरुषों की जयंती मनाने का कार्य शुरू किया है, ताकि महापुरुषों का इतिहास युवा पीढि़यों के बीच लाया जाया जा सके। हमें महाराजा सूरजमल से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि मुगलों को जवाब देने के लिए महाराजा सूरजमल का नाम सबसे पहले लिया जाता है। इन्होंने 14 वर्ष की आयु में राजकाज संभाला लिया था और युद्ध जीतने का कार्य किया। उन्होंने युद्ध की अपेक्षा कूटनीति का सहारा लिया ताकि प्रजा के बीच शांति व्यवस्था कायम रहे। हरियाणा से उनका गहरा नाता रहा है। उनका विवाह होंडल में हुआ था। वह हमेशा राष्ट्र के मान सम्मान और अखंड भारत की कल्पना के साथ लगते रहे।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि महाराजा सूरजमल एक महान योद्धा थे। सूरजमल जैसे शेर कभी कभी पैदा होते है। उनका गौरवशाली इतिहास हमें जीवन में चुनौतियों का सामना करते हुए आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। हमें इतिहास को पढ़ना चाहिए। हमारा गौरवशाली इतिहास इन्हीं किताबों में छिपा है।
उन्होंने कहा कि जब हम अपने पूर्वजों व महापुरुषों के इतिहास को पढ़ते है, तो हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। सामाजिक समरसता का उदाहरण भी हमें महाराजा सूरजमल की जीवन से मिलता है। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भाजपा शीशपाल कंबोज, विधायक गोकुल सेतिया, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन वेद फुल्ला, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, भारतीय जाट विकास मंच के अध्यक्ष डा. राजेंद्र कड़वासरा, महाराजा सूरजमल के वंशज नरेंद्र फौजदार, वरिष्ठ भाजपा नेता रोहताश जांगड़ा, सरपंच फूलकां कैलाश राठी, भारतीय जाट विकास मंच के प्रधान सुरेश शेरड़िया, गाेशाला के प्रधान रविंद्र कुलड़िया आदि मौजूद रहे।
:::::::::::::::::::::::::::::::::::::
हमें प्रोग्रेसिव किसानों की जरूरत, खेती को लेकर जाे भी सुझाव हैं हमें दें : शिक्षा मंत्री
शिक्षामंत्री ने कहा कि हम लोग भी जमीन से ही ऊपर उठे है। उन्होंने लोगों से कहा कि आपका मुख्यमंत्री बहुत बढि़या है। आपके पास खेती को लेकर सुझाव हैं तो दें, प्रोग्रेसिव किसानों की हमें जरूरत है। उन्होंने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से अनुरोध है कि संगठन के लोग जो मांग करें सारी मान लियो। शिक्षामंत्री ने भारतीय जाट विकास मंच को 11 लाख रुपये देने की घोषणा की।
::::::::::::::::::::::::::::::::
एक महान योद्धा थे महाराजा सूरजमल : बराला
राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने महाराजा सूरजमल को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि महाराजा सूरजमल एक जात बिरादरी के न होकर सभी कौमों को साथ लेकर चलने वाले महान योद्धा थे। राज्यसभा सदस्य ने कहा कि उनका पराक्रम ऐसा था कि हिंदुओं को प्रताड़ित करना और गोहत्या उस काल में बंद हो गई थी। उन्होंने कहा कि सनातन काल से गोसेवा का काम होता रहा है। महाराजा सूरजमल ने इस काम को आगे बढ़ाते हुए अखंड भारत के सपने को संजोया।
::::::::::::::::::::::::::::::::
महाराजा सूरजमल के इतिहास को 10 कक्षा के पाठ्यक्रम में करें शामिल : नरेंद्र चौधरी
सूरजमल के 18 वीं पीढ़ी के वंशज नरेंद्र चौधरी ने कहा कि राजस्थान में कई जगह पर महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण हुआ है। किसी गांव में महाराजा सूरजमल की प्रतिमा का अनावरण आज तक वहां के मुख्यमंत्री ने नहीं किया है। जैसे आज हुआ है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से अनुरोध करूंगा कि महाराजा सूरजमल के इतिहास को 10 कक्षा के पाठ्यक्रम में एक अध्याय के तौर पर शामिल करें। ताकि हमारे बच्चों को हमारे पूर्वजों पर गर्व हो सके।
महंगापुर के श्री गुरु तेग बहादुर स्कूल में कबड्डी में प्रतिभाग करते स्कूली बच्चे। संवाद