बेसहारा पशुओं को वैक्सीन लगाते पशुपालन विभाग के चिकित्सक। संवाद
- फोटो : Sirsa
सिरसा। जिले में लंपी वायरस से मौत व संक्रमण के आंकड़ों में लगातार तेजी इजाफा हो रहा है। वीरवार को जिले में 38 पशुओं की मौत हुई है, जबकि 314 पशु लंपी से ग्रस्त हुए हैं। दूसरी ओर पशुपालन विभाग की पास वैक्सीन की दूसरी खेप पहुंचने के बाद टीकाकरण अभियान फिर से तेज कर दिया गया है। वीरवार को 3800 पशुओं को वैक्सीन की डोज दी गई है।
जिले में अब तक 6824 पशु लंपी पॉक्स से संक्रमित हो चुके हैं जिनमें से 304 पशुओं की मौत हो चुकी है और 4963 पशु स्वस्थ हुए हैं। जिले में अभी भी संक्रमण के 1861 केस एक्टिव हैं और वीरवार को 24 घंटे में लंपी के 314 केस सामने आए हैं। वहीं संक्रमण से ग्रस्त 37 भैंसों में से 21 पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। वहीं, नगर परिषद और पशुपालन विभाग ने वीरवार को शहर में घूम रहे बेसहारा पशुओं को पकड़ उन्हें वैक्सीन लगाने का अभियान भी शुरू कर दिया है। वैक्सीन की दूसरी खेप पहुंचने के बाद पहले दिन 3800 पशुओं का वैक्सीनेशन किया गया। जिले में अब तक पशुपालन विभाग की ओर से 29900 पशुओं का वैैक्सीनेशन किया जा चुका है। बीमारी से मरने वाले पशुओं में भैंस का मामला अभी तक नहीं आया है। गाय की तुलना में भैंस में यह संक्रमण नाममात्र फैल रहा है तो वहीं अन्य पशुओं में यह बीमारी अभी तक दिखाई नहीं दी है।
जिले के सभी पशु स्वास्थ्य केंद्रो में भेजी जा चुकी है वैक्सीन
वैक्सीन डोज की दूसरी खेप बुधवार रात्रि को पहुंच गई। इसके बाद वीरवार को जिले के सभी पशु स्वास्थ्य केंद्रों में वैक्सीन को भेज दिया गया। इससे पहले विभाग को बहुत कम मात्रा में वैक्सीन मिली थी, परंतु इस बार विभाग की मांग से भी अधिक वैक्सीन दी गई है। पशुपालन विभाग ने 80 हजार वैक्सीन की डिमांड की थी, लेकिन 1 लाख 53 हजार 200 वैक्सीन की डोज विभाग के पास पहुंची है।
वर्जन
हमारे पास पर्याप्त वैक्सीन पहुंच चुकी है और नगर परिषद के सहयोग से बेसहारा पशुओं के वैक्सीनेशन का कार्य किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि जल्द ही जिले में वैक्सीनेशन का कार्य पूरा कर लें। आम जन का सहयोग चाहिए, ताकि हम इस अभियान में जल्द से जल्द सफल हो। यह तभी संभव है जब लोगों को कहीं भी लंपी ग्रस्त पशु का मामला दिखाई दे तो वो तुरंत इसकी सूचना विभाग को दें। - डॉ. विद्यासागर बांसल, उप निदेशक पशुपालन विभाग।