संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले में लंपी संक्रमण में पहले के मुकाबले कुछ कमी आई है। इसके कारण मौत का आंकड़ा भी कम होता जा रहा है। हालांकि अभी तक इस पर पूर्ण रूप से रोक नहीं लग पाई है। सोमवार को जिले में लंपी के कारण 13 पशुओं की मौत हुई है। हालांकि एक सप्ताह पहले एक दिन में मौत का आंकड़ा 50 तक भी पहुंच गया था। अब संक्रमित पशु भी तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। जिले में लंपी वायरस से अब तक 612 पशुओं की मौत हो चुकी है।
लंपी की रोकथाम के लिए पशुपालन विभाग का वैक्सीनेशन अभियान लगातार जारी है। विभाग की टीमें अब तक एक लाख 62 हजार 810 पशुओं को वैक्सीन लगा चुकी है। जिले में अब तक 8749 पशु इस बीमारी से संक्रमित पाए मिले हैं। इनमें से 6630 पशु स्वस्थ हो चुके हैं।
खुले में पशु डालने के अभी भी आ रहे हैं मामले
जिले में लंपी वायरस के कारण काफी गोवंश की मौत हो चुकी है।
नियम अनुसार पशुओं को जमीन में दबाना अनिवार्य है, लेकिन इन्हें हड्डा रोड़ी और खुले स्थानों पर डालना जा रहा है। इसके कारण अब लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है।
नगर परिषद लगा रही बेसहारा पशुओं को वैक्सीन
नगर परिषद की ओर से लगातार बेसहारा पशुओं को लंपी से बचाव के लिए वैक्सीन लगाने का कार्य किया जा रहा है। जिले में सोमवार को 269 बेसहारा पशुओं को वैक्सीन लगाई गई है। टीम की ओर से पशुओं को वैक्सीन लगाने के बाद उनके सिर और शरीर पर रंग लगाया जा रहा है, ताकि पशुओं की पहचान हो सके।
वर्जन
लंपी के संक्रमण में कमी आई है। अब जिले में कम पशु लंपी की चपेट में आ रहे हैं। पहले के मुकाबले मौत का आंकड़ा भी कम हुआ है। जिले में लगातार पशुओं को वैक्सीन लगाने का कार्य किया जा रहा है। - डॉ. विद्यासागर, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग, सिरसा ।