सिरसा। प्रोपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं करने वालों पर शिकंजा कसने की तैयारी अब नगर परिषद प्रशासन ने कर ली है। 50 बड़े ऐसे डिफाल्टरों की सूची तैयार की जा रही है, जो प्रोपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे हैं। नगर परिषद प्रशासन पहले उन्हें नोटिस भेजेगा और इसके बाद भी रिकवरी नहीं हुई तो बिल्डिंग सील करेगा। डीसी अनीश यादव के आदेश पर अधिकारियों ने तैयारियां शुरू की हैं।
कई शहरवासी प्रोपर्टी टैक्स का भुगतान नहीं कर रहे। ऐसे में नगर परिषद की आमदन रुक जाती है। नगर परिषद कमिश्नर का चार्ज डीसी के पास जाने के बाद डीसी अनीश यादव ने सभी अधिकारियों की मीटिंग ली। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि बकाया प्रोपर्टी टैक्स की रिकवरी की जाए। जो प्रोपर्टी धारक टैक्स का भुगतान न करे, उन्हें नोटिस भेजे जाएं। नोटिस के बाद भी रिकवरी ना हो तो बिल्डिंग सील कर दी जाए। अब नगर परिषद अधिकारियों ने लिस्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार की जा रही है, जिनकी ओर ज्यादा राशि बकाया है। बड़ी बिल्डिंगों के मालिकों की सूची बनाई जा रही है।
डीसी ने की रिपोर्ट तलब, रिकॉर्ड खंगाल रहे कर्मचारी
नगर परिषद कर्मचारी और अधिकारी भी प्रोपर्टी टैक्स वसूलने के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रहे थे। जो रूटीन के लोग टैक्स भरने आ रहे थे, केवल उन्हीं से रिकवरी की जा रही थी। ऐसे में डीसी अनीश यादव ने रिपोर्ट तलब की। इसमें पूछा गया है कि कितने लोग ऐसे हैं जिनकी ओर ज्यादा राशि बकाया है और वे भुगतान नहीं कर रहे। अब डीसी ने रिपोर्ट तलब की तो कर्मचारी और अधिकारियों ने काम शुरू किया है। कर्मचारियों ने रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है और डिफाल्टरों की सूची तैयार की जा रही है। अगले हफ्ते डीसी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। इसलिए डीसी को रिपोर्ट भेजने से पहले नप अधिकारी डिफाल्टरों की लिस्ट और उनसे वसूल की जाने वाली राशि का खुलासा करने से बच रहे हैं।
लिस्ट तैयार कर रहे हैं : ईओ
प्रोपर्टी टैक्स वसूलने के लिए ऐसे लोगों की लिस्ट तैयार की जा रही हैं, जिनसे ज्यादा बड़ी राशि वसूल की जानी है। ऐसे में अब उन्हें नोटिस दिए जाएंगे। नोटिस के बाद भी कोई बकाया टैक्स जमा नहीं करवाएगा तो उसकी बिल्डिंग भी सील करने का फैसला लिया जाएगा।
- संदीप मलिक, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, सिरसा