कालांवाली (सिरसा)। टाइल फैक्टरी में कार्यरत दो मजदूरों में नशे की हालत में मजाक-मजाक में झगड़ा हो गया। झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक मजदूर ने दूसरे पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घटना के बाद दूसरा मजदूर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान उमेश कुमार शर्मा निवासी बिशौली यूपी हाल निवासी कालांवाली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार करीब 42 वर्षीय उमेश कुमार शर्मा अपने गांव बिशौली यूपी के ही एक मजदूर साथी रतनेश कुमार के साथ शहर के नए थाना रोड पर पुलिस स्टेशन के पास स्थित एसडी मार्बल टाइल्स फैक्टरी में काम करता था। बुधवार शाम को उमेश काम के बाद शराब पीकर फैक्टरी में ही बनी जगह पर ही सोया हुआ था। इस दौरान नशे की हालत में उसके साथी रतनेश कुमार ने मजाक में उसके ऊपर रेत डाल दी। जिससे नींद खराब होने से गुस्साए उमेश ने रतनेश को गाली निकालनी शुरू कर दी। नशे में होने के कारण दोनों में बात गाली गलौज से मारपीट पर पहुंच गई। जिस पर उमेश ने प्लास्टिक की पाइप उठा ली और रतनेश ने वहां पर मौजूद लोहे की रॉड उठा ली। इस दौरान उमेश के प्लास्टिक की पाइप मारने से पहले ही रतनेश उसके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिससे उमेश बेसुध होकर नीचे गिर गया। जिस पर फैक्टरी में नहा रहे दोनों के साथी ने तुरंत फैक्टरी मालिक को सूचना दी और शहर के निजी अस्पताल के एक चिकित्सक को मौके पर बुलाकर उमेश की जांच करवाई। जांच के बाद चिकित्सक ने उमेश को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद फैक्टरी संचालक पूर्व सरपंच बेअंत सिंह ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं वारदात के बाद रतनेश कुमार मौके से फरार हो गया।
दोनों का आपस में था काफी प्रेम
ठेकेदार नरेश कुमार ने बताया कि रतनेश कुमार कालांवाली एरिया में लगभग 15 वर्ष से रहा था। उमेश और रतनेश दोनों का एक ही गांव था। दोनों अविवाहित थे और हमेशा साथ ही रहते थे। वे दोनों काम साथ में करने के अलावा खाना-पीना भी साथ ही करते थे। वारदात से पहले दोनों ने एक ही थाली में साथ खाना खाया था और साथ में ही शराब पी थी। लेकिन नशे में कुछ भी सुधबुध ना होने के चलते ही वारदात हो गई। अन्यथा वे मजाक-मजाक में हमेशा लड़ते-झगड़ते थे। लेकिन कभी भी बात इतनी नहीं बढ़ी थी।
शव को कब्जे में ले लिया है और मृतक के परिजनों के आने तक सिरसा के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। आरोपी रतनेश कुमार को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।
- विक्रम सिंह, थाना प्रभारी कालांवाली।