केंद्र सरकार की ओर से स्वर्ण आभूषणों पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी व पैन कार्ड जरूरी किए जाने के विरोध में स्वर्णकारों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। इसी कड़ी में मंगलवार को स्वर्णकारों ने मंडी में रोष मार्च निकालते हुए तहसील कार्यालय के बाहर केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली का पुतला फूंका व नायब तहसीलदार को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इससे पूर्व रोष मार्च को लेकर अनाजमंडी में शेडों के नीचे चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर सिरसा, डबवाली, रानियां, ऐलनाबाद, रोडी, सरदूलगढ़, तलवंडी, रामां आदि शहरों से पहुंचे स्वर्णकार संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंच कर विचार विमर्श किया और सरकार द्वारा ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी का विरोध करते हुए रोष जताया। स्वार्णकार संघ के जिलाध्यक्ष राजकुमार सोनी ने कहा कि केंद्र द्वारा बनाए गए नए कानून के विरोध में उनका यह संघर्ष अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह काला कानून देश में स्वर्णकारों के व्यापार को समाप्त कर देगा। उन्होंने कहा कि जब 2012 में कांग्रेस सरकार ने ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी लगाई थी तो उस समय मौजूदा नरेंद्र मोदी ने इस कानून का विरोध करते हुए व्यापारियों को विश्वास दिलाया था कि भाजपा की सरकार आने पर इस प्रकार के कानून पर रोक लगाई जाएगी पर अब भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौन क्यों हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ज्वैलरी पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी एक तुगलकी फरमान है। अगर सरकार इसे वापस नहीं लेती है तो देश के स्वर्णकार संघर्ष को और तेज करेंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वर्णकारों पर 12.5 प्रतिशत एक्साइज ड्यूटी लगाकर व स्वर्ण आभूषण बनाने पर एक प्रतिशत ड्यूटी लगाकर व्यापारियों पर बोझ डाल दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाया गया यह काला कानून इंस्पेक्टरी राज को बढ़ाने देने वाला है। उन्होंने कहा कि कानून बनने के बाद स्वर्णकारों को अपना कारोबार चलाना बेहद मुश्किल हो जाएगा। कानून के चलते स्वर्ण आभूषण बनाने वाले कारीगर बेकार होकर सड़कों पर आ जाएंगे। जिसके चलते हमें अपना व्यापार बंद करके सरकार के विरुद्ध आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।
इसके बाद स्वर्णकार संघ द्वारा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेतली का पुतला लेकर रोष मार्च शुरू किया गया जो कि अनाज मंडी से होकर पंजाब बस अड्डा, पुराना थाना रोड होता हुआ तहसील कार्यालय में पहुंचा, जहां पर तहसील कार्यालय के बाहर वित्त मंत्री अरुण जेतली का पुतला फूंका गया। इसके बाद नायब तहसीलदार दयाल सिंह को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस मौके पर सिरसा से राजकुमार सोनी, डबवाली से जगदीश सुर्या, रामां से अजीत सिंह, तलवंडी साबो से इकबाल सिंह, रानियां से हंस राज, रोडी से राम दास, ऐलनाबाद से जगजीवन दास, सुभाष सोनी, बहादुर सोनी, अवतार सोनी, जगतार सोनी, हरजीत सोनी, ओम प्रकाश, गुरमीत सोनी, गुरजीत सोनी, रंजीत सिंह, अमरजीत सिंह, सुरेंद्र सोनी, राणा सिंह, जगतार तारी, राजेंद्र सोनी आदि मौजूद थे। स्वर्णकार संघ द्वारा अपनी मांगों को लेकर जारी धरने को समर्थन देते हुए व्यापार मंडल कालांवाली के महेंद्र जैन, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान संजीव बांसल अपने साथियों के साथ पहुंचे।