सिरसा । विजेता खिलाड़ियों के साथ टीम सदस्य। कॉलेज।
सिरसा। जेसीडी मेमोरियल कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित इंटर-कॉलेज फुटबाल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में जेसीडी की टीम ने गवर्नमेंट कॉलेज, भूना को 3- 2 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
इंटर-कॉलेज फुटबाल टूर्नामेंट में धर्मप्रीत ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उन्हें बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक डॉ. जयप्रकाश ने कहा कि खिलाड़ियों ने मैदान पर जिस आत्मविश्वास, गति और सामूहिक रणनीति का प्रदर्शन किया, वह उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि फुटबाल जैसे चुनौतीपूर्ण खेल में अंतिम क्षणों तक संतुलन बनाए रखना आसान नहीं होता, लेकिन जेसीडी के खिलाड़ियों ने जुझारूपन और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया। उन्होंने कहा कि संस्थान का निरंतर प्रयास रहा है कि खिलाड़ियों को आधुनिक खेल मैदान, फिटनेस सपोर्ट और पेशेवर कोचिंग उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।
उन्होंने विश्वास जताया कि जेसीडी की फुटबाल टीम आने वाले समय में भी इसी खेल शैली और अनुशासन के साथ नई उपलब्धियां हासिल करेगी और संस्थान को गौरवान्वित करेगी। उन्होंने स्पोर्ट्स ऑफिसर डॉ. अमरीक और कुलदीप के सहयोग की प्रशंसा की, जिनके मार्गदर्शन से टीम को यह सफलता हासिल हुई।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर रणजीत सिंह ने कहा कि जेसीडी की फुटबाल टीम की यह उपलब्धि खिलाड़ियों की एकजुटता और मैदान पर दिखाए गए अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि संस्थान शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कॉलेज के टीचिंग एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।