खालिस्तान समर्थक होने के अंदेशा पर एनआईए ने सिरसा के गांव भीमा में जश्न बाउंसर के घर पर छापा मारा। टीम ने दोपहर एक बजे तक उससे पूछताछ की और बाद में अपने साथ रोड़ी थाने में ले गई। टीम ने आठ घंटे तक जश्न बाउंसर से पूछताछ की है और घर की तलाशी ली है।
ग्रामीणों ने कहना है कि तीन वर्ष पहले सिरसा में किसान आंदोलन के दौरान पंजाबी गायक और अभिनेता सिरसा में आए थे। करतार चीमा जश्न बाउंसर को भी अपने साथ चंडीगढ़ ले गए। काफी समय तक जश्न बाउंसर उनके साथ रहा। इसके बाद उसने पंजाबी गायक काका के साथ काम किया। करीब डेढ़ वर्ष से वह किसान नेता भान्ना सिद्धू के साथ काम कर रहा है।
जश्न बाउंसर की मां दर्शन कौर ने बताया कि वह सुबह पांच बजे गुरुद्वारा में जाने के लिए बाहर निकली तो बाहर गेट पर पुलिस खड़ी थी। पुलिस ने उन्हें घर में ही रोक लिया। टीम ने आते ही घर की तलाशी शुरू कर दी है और किसी को बाहर नहीं जाने दिया। उन्हें व उनके पति मंदर सिंह को घर के आंगन में बैठा दिया और जश्न से अंदर पूछताछ करती रही।
दर्शन कौर बताया कि उसका बेटा जश्न करीब डेढ़ वर्ष से किसान नेता भान्ना सिद्धू के साथ रहता है और बाउंसर व ड्राइवर का काम करता है। पहले वह सिरसा ही पीवीआर में काम करता था। वह कभी-कभी ही घर पर आता था और उसने प्रेम विवाह किया हुआ है।
भान्ना सिद्धू के पास ही जश्न का फोन रहता है। उसका बेटा कोई भी गलत काम नहीं करता, हालांकि उसके पास कुछ लोगों के फोन जरूर आते हैं। टीम ने कई बार घर की तलाशी ली है, लेकिन टीम को घर से कुछ भी नहीं मिला। दर्शन कौर ने बताया कि उसका बेटा 12वीं कक्षा तक ही पढ़ा हुआ है।
जश्न बाउंसर बोला- बाढ़ के दौरान भान्ना सिद्धू ने सहायता के लिए जारी किया था उसका नंबर, विदेशों से आते थे कॉल
जश्न बाउंसर ने बताया कि उसका लंबे समय से बैंक खाता बंद है। किसान नेता भान्ना सिद्धू ने पंजाब में बाढ़ के दौरान लोगों की सहायता करने के लिए सोशल मीडिया पर उसका नंबर जारी किया था। इसके बाद से उसके पास विदेशों से फोन आते थे। एनआईए ने कई नंबरों को लेकर उससे पूछताछ की है। उसके पास हर रोज 200 से अधिक फोन आते होंगे। इसमें विदेशों के लोग सहायता करने को लेकर राशि देने संबंधित बात करते थे तो वह उन्हें उनके रिश्तेदारों के माध्यम से ही राशि दिए जाने की बात कह देता था। कोई भी बैंक अकाउंट नंबर जारी नहीं किया गया था।
गांव में बना दहशत का माहौल
एनआईए ने रोड़ी थाना पुलिस को अपने साथ लेकर अलसुबह छापा मारा। कार्रवाई होने की सूचना जैसे ही गांव में में दहशत का माहौल बन गया। एनआईए ने मकान की सुरक्षा को बढ़ा दिया और यहां पर लोगों के आने जाने पर प्रतिबंध लगा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जश्न पहले बॉक्सिंग खेलता था और इसके बाद बाउंसर का काम करने लग गया।
पहले भी एनआईए कर चुकी है कार्रवाई
डबवाली, कालांवाली और रानियां क्षेत्र में खालिस्तान समर्थकों, गैंगस्टरों और नशा सप्लाई को लेकर एनआईए पहले भी कई बार कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले एनआईए सिरसा में करीब चार बार दस्तक दे चुकी है। 17 मई को एनआईए ने डबवाली में चौटाला रोड स्थित जग्गा सिंह बराड़ के निवास पर छापा कार्रवाई की थी। इसके बाद छोटू भाट और गैंगस्टर जग्गा तख्तमल के आवास पर भी छापा मारा। उनकी प्रॉपर्टी अटैच को लेकर नोटिस चिपकाया गया था। इसके बाद कालांवाली क्षेत्र के व्यापारी विनोद गर्ग व उसके साथियों पर भी छापा कार्रवाई की थी।