आखिरकार जाट आरक्षण संघर्ष समिति का धरना शुरू होने की उम्मीद बंध गई है। अब तक जाट समुदाय के लोग सेक्टर 19 में समिति से अलग धरना जारी रखने की बात कर रहे थे, लेकिन शनिवार को समिति के पदाधिकारियों के साथ नजर आए। अब दोनों गुट एक हो गए हैं।
जिला प्रशासन ने सेक्टर 19 में पावर हाउस के समीप धरना देने की अनुमति दे दी है। समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबे सिंह ढाका ने कहा कि रविवार को बलिदान दिवस मनाएंगे। इसी कड़ी में ठीक एक बजे सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी, उसके बाद आंदोलन से जुड़ी बड़ी घोषणा की जाएगी।
जिले में धरने के लिए अखिल भारतीय जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से प्रशासनिक तंत्र के अधिकारियों से धरना देने के संदर्भ में स्वीकृति एवं स्थल की मांग की जा रही थी और इसी के चलते पिछले दो दिनों से समिति के राष्ट्रीय महासचिव कुलदीप गोदारा, प्रदेशाध्यक्ष सूबे सिंह ढाका लघु सचिवालय के चक्कर लगा रहे थे।
समिति की ओर से गांव शेरपुरा के नजदीक धरना देने की योजना थी, लेकिन एसडीएम परमजीत सिंह चहल, डीडीपीओ प्रीतपाल सिंह, एसपी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने दिनभर जाट आरक्षण संघर्ष समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ धरनास्थल की काफी तलाश की और आखिरकार समिति को तीसरे दिन हुडा सेक्टर 19 में ही स्थित पावर हाउस के समीप धरना देने की अनुमति दे दी।
वहीं समिति के प्रदेशाध्यक्ष सूबे सिंह ढाका ने बताया कि समिति की राष्ट्रीय कार्यकारिणी द्वारा निर्धारित किए गए फैसले के मुताबिक रविवार 19 फरवरी को दोपहर एक बजे पिछले वर्ष जाट आरक्षण के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
ढाका ने कहा कि उनकी समिति की ओर से अपनी सात प्रमुख मांगों को लेकर पूरे हरियाणा में धरने दिए जा रहे हैं और यहां सिरसा में भी इन मांगों को लेकर धरना शुरू किया जाएगा। सूबे सिंह ढाका ने कहा कि बेशक समिति के आला पदाधिकारियों की एक बैठक राज्य सरकार से हो चुकी है और दूसरे स्तर की वार्ता 20 फरवरी को होगी।
उन्होंने दोहराया कि 2010 से जारी जाट आरक्षण की मांग को लेकर शहीद हुए युवाओं के आश्रितों में से किसी को भी स्थायी तौर पर सरकारी नौकरी, घायलों को उचित मुआवजा, जितने भी केस दर्ज किए गए हैं, उन्हें वापस लेने, हाईकोर्ट से आने वाले किसी भी निर्णय को संविधान की नौवीं सूची में डलवाने के साथ केंद्र में भी आरक्षण देना प्रमुख रूप से उनकी मांगों में शामिल हैं। शनिवार को धरनास्थल के लिए जगह तलाशने के दौरान समिति के सदस्य वेदप्रकाश, हरपाल, रोहताश, सुनील आदि भी मौजूद थे।
उधर, सेक्टर-19 में जाटों का धरना 21वें दिन शनिवार को भी जारी रहा। सर्व जाट संघ के अध्यक्ष विकल पचार ने कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगें नहीं मानेगी, तब तक धरना जारी रहेगा। इस दौरान पुलिसकर्मी भी तैनात रहे। धरने में विकल पचार, कृष्ण ढाका, रणधीर जोधकां, लादु राम जांघू, विकास तेतरवाल, रमेश, मदन, अशोक गोदारा, धर्मवीर गोदारा, ख्याली राम हंजीरा आदि मौजूद थे।