सिरसा। जिले में बीते दो दिनों से बादल छाए हैं। लगातार बूंदाबांदी हो रही है। इससे तापमान में गिरावट आने से ठंडक बनी हुई है। पहले जहां अधिकतम तापमान 27 डिग्री पर पहुंच गया था लेकिन बादल छाने और बूंदाबांदी होने से अधिकतम तापमान में छह डिग्री की गिरावट आई है।
जिले में वीरवार रात से ही बादल छाने से मौसम में हल्की ठंडक रही। इसके बाद शुक्रवार अलसुबह हल्की बूंदाबांदी हुई और तापमान में गिरावट आने से ठंडक बढ़ रही है। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे तक बादल छाए रहे। करीब 10:20 बजे के बाद बादल हटने पर सूरज निकला और धूप की किरणों का धरती पर आगमन हुआ। इसके बावजूद दिनभर बादल छाए रहे। इस बीच सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा।
शाम छह बजे के बाद फिर से बादल छाने से अधिकतम तापमान में गिरावट आई और फिर से मौसम में ठंडक बढ़ गई। इससे शुक्रवार को अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार जिले में आगामी दो दिन तक और मौसम में बारिश के आसार बने रहेंगे। मौसम में ठंडक बनी रहेगी। जिले में गेहूं और सरसों की फसल के लिए जहां मौसम में ठंडक से फायदा मिलेगा। लगातार बूंदाबांदी गेहूं और सरसों की फसल के लिए नुकसानदायक भी है। इस कारण फसलों की पैदावार भी प्रभावित हो सकती है।