दसवीं के परीक्षा केंद्र के अंदर रोल नंबर देखने को लेकर लगी परीक्षार्थियों की भीड़।
सिरसा। हरियाणा विद्यालय बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं जारी हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा भी शुक्रवार को शुरू हो गईं। पहले दिन दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी। परीक्षा दोपहर 12 बजकर 30 बजे शुरू हुई और 3 बजकर 30 मिनट पर समाप्त हुई।
परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र पर करीब एक घंटा पहले ही पहुंच गए। आधा घंटे पहले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर जाने की परमिशन मिली। दसवीं कक्षा की परीक्षा भी पहले दिन शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। जिलेभर में 84 परीक्षा केंद्रों पर दसवीं की परीक्षा आयोजित हुई। एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी व प्रश्नपत्र उड़नदस्ता की टीमों ने 29 परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। दसवीं कक्षा की अगली परीक्षा 3 मार्च को इंग्लिश विषय व बारहवीं कक्षा की अगली परीक्षा 4 मार्च को फिजिक्स व इकोनॉमिक्स की होगी। अलसुबह हुई रिमझिम बारिश के चलते गलियां व सड़कें कीचड़ से सन गई। इससे परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जिला शिक्षा अधिकारी की उड़नदस्ता टीम में शामिल प्रधानाचार्य राजकुमार अरोड़ा, इतिहास प्रवक्ता मोना पुरी व पीजीटी राजनीतिक शास्त्र प्रवक्ता सतपाल पारिक ने शुक्रवार को सुचान, जोधकां, भावदीन व भरोखां स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। एसडीएम फ्लाइंग की टीम में शामिल प्रधानाचार्य रमेश कुमार व पीजीटी प्रवक्ता कृष्णा देवी ने दड़बा कलां, रूपावास, गुडियाखेड़ा, जमाल, शाहपुर बेगू व राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेला ग्राउंड में बनाए गए। परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। सभी परीक्षा केंद्रों पर नकल रहित परीक्षा संचालित रहीं और परीक्षा केंद्रों के बाहर भी शांतिपूर्वक माहौल रहा।