सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के युवा कल्याण निदेशालय द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सांसद सुनीता दुग्गल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि यदि किसी घर में मां, बेटी या बहन न हो तो वो घर अधूरा लगता है। जिनके पास ये रिश्ते है उन्हें उनका पूरा सम्मान करना चाहिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. अजमेर सिंह मलिक ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अग्र भूमिका निभा रही हैं। विश्वविद्यालय की छात्राएं भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं जैसे खेल, सांस्कृतिक आदि क्षेत्रों में उच्च कोटि का प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन कर रही हैं। इस अवसर पर युवा कलाकारों को सम्मानित भी किया गया।
युवा कल्याण निदेशालय की निदेशक डॉ. मंजू नेहरा ने बताया कि इस कार्यक्रम में विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं जैसे एकल हरियाणवी नृत्य महिला, एकल हरियाणवी नृत्य पुरुष, एकल पंजाबी नृत्य महिला, एकल पंजाबी नृत्य पुरुष, एकल राजस्थानी नृत्य, एकल पश्चिमी नृत्य, एकल गायन, ऑन द स्पॉट पेंटिंग आदि का आयोजन करवाया गया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. राजेश कुमार बंसल, शैक्षणिक मामलों के अधिष्ठाता प्रोफेसर सुरेश गहलावत, प्रो. कासिफ, प्रो. जोगिंद्र दुहन, एमएम कॉलेज, फतेहाबाद के प्रिंसिपल डॉ. गुरचरण सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापक उपस्थित रहे।