रानियां। दो दिन पहले करंट लगने से नगराना गांव के एक युवक की मौत के मामले में पुलिस प्रशासन के ढुलमुल रवैया से नाराज ग्रामीणों ने मोबाइल मार्केट के समीप सिरसा-जीवननगर रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने सड़क पर धरना दिया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
जाम की सूचना मिलने के बाद शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने प्रदर्शनकारियों से बात कर एफआईआर दर्ज करने के लिए आधा घंटा की मोहलत मांगी और जाम खोलने के लिए कहा। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद ग्रामीण मान गए और उतनी देर के लिए रोड की एक साइड से जाम खोल दिया। पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए केबल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद ग्रामीणों ने सड़क से धरना उठा लिया और वापिस चले गए।
मामले के अनुसार रविवार को नगराना निवासी 23 वर्षीय बंटी पुत्र गुरमेल अपने साथी गुरदास पुत्र जोगिंद्र के साथ गांव से किसी काम के लिए रानियां आया हुआ था। दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर मोबाइल मार्केट से गुजर रहे थे। इस दौरान एक लटकती हुए केबल के तार के संपर्क में आने से दोनों युवकों को बिजली का करंट लग गया। हादसे में बंटी की मौत हो गई और गुरदास गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी।
वर्जन
पुलिस ने आरोपी केबल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बिजली निगम के एसडीओ ने आरोपी केबल संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मृतक के परिजनों को पुलिस न्याय दिलवाएगी। - दिनेश कुमार, शहर थाना प्रभारी।