सिरसा। गेहूं खरीद पर पूरी दामी देने तथा सरसों की खरीद आढ़तियों के माध्यम से ही करने की मांग पर आंदोलनरत आढ़तियों का धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान आढ़तियों को व्यापार मंडल और कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया। आढ़ती एसोसिएशन सिरसा के बैनर तले सिरसा मंडी के आढ़तियों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के आगे धरना प्रदर्शन किया।
जिसकी अध्यक्षता प्रधान मनोहर मेहता ने की। मंगलवार को धरने का समर्थन करने के लिए हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग गर्ग व्यापारियों के साथ पहुंचे। उन्होंने सरकार से आढ़तियों की मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की। उधर कांग्रेस नेता वीरभान मेहता, अमीर चावला, युवा कांग्रेस नेता मोहित शर्मा ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर आढ़तियों को अपना समर्थन दिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। यह सरकार आढ़तियों, व्यापारियों, किसानों, मजदूरों, छात्रों व अन्य सभी लोगों को परेशान कर रही है।
प्रधान मनोहर मेहता ने कहा कि सरकार आढ़तियों के साथ ज्यादती कर रही है। उनके कारोबार को बंद करने के लिए विभिन्न हथकंडे अपना रही है। आढ़तियों की मांग है कि किसानों की सभी फसलें जैसे कॉटन, सरसों, सूरजमुखी,बाजरा इत्यादि और अन्य सभी फसलें सरकार द्वारा एमएसपी पर आढ़तियों के माध्यम से ही खरीदी जाए। आढ़त पूरी 2.5 प्रतिशत मिलनी चाहिए जो कि गेहूं पर लगभग 57 रुपये व धान पर लगभग 56 रुपये बनती है। जबकि पिछले चार वर्षों से सरकार द्वारा गेहूं पर 46 रुपये और धान पर 45.88 रुपए फिक्स आढ़त दी जा रही है जो की बहुत कम है। मेहता ने कहा कि यह धरना-प्रदर्शन 5 अप्रैल तक चलेगा।
प्रदर्शन में एसोसिएशन के उपप्रधान प्रेम बजाज, सचिव दीपक मित्तल, कोषाध्यक्ष कुणाल जैन, सह सचिव महावीर शर्मा, सुशील कस्वां, बाबा रामदास, चिमन मोंगा, धर्मपाल जिंदल, हनीश गर्ग, अंकित अरोड़ा, संजय जैन, नरेंद्र धींगड़ा, धर्मपाल मेहता, गुरजंट सिंह, देवराज कंबोज, राजेश बिट्टू, सुशील रहेजा के अलावा मजदूर यूनियन से महावीर पहलवान व सोमनाथ मौजूद रहे।