मोहाली फोर्टिस में उपचाराधीन पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल।
- फोटो : Sirsa
सिरसा। ऐलनाबाद विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी का टिकट कटने के बाद सुर्खियों में आए पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में दाखिल करवाया गया। यहां से उन्हें फोर्टिस मोहाली भेजा गया। वहीं कान के पास ट्यूमर का भी ऑपरेशन करवाया गया है। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।
उपचुुनाव में उम्मीद थी कि पूर्व विधायक भरत सिंह बैनीवाल को ही कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर उतारेगी, लेकिन उनका टिकट काटकर भाजपा से आए पवन बैनीवाल को प्रत्याशी बनाया गया। इसके बाद 14 अक्तूबर को रूठे भरत सिंह बैनीवाल को मनाया गया और चुनाव प्रचार में शामिल किया गया। उन्होंने कांग्रेस प्रदेेेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा के साथ चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया, लेकिन इसी दौरान अचानक सीने में दर्द हुआ तो शहर के निजी अस्पताल में चेकअप करवाया। डॉक्टर ने उन्हें किसी बड़े अस्पताल में जाने की सलाह दी है। इस पर भरत सिंह बैनीवाल को फोर्टिस अस्पताल मोहाली में ले जाया गया। वहां उनका इलाज शुरू किया गया है। भरत सिंह बैनीवाल की देखभाल में जुटे संजय यादव ने बताया कि फोर्टिस में ही पूर्व विधायक के कान के पास ट्यूमर का ऑपरेशन भी किया गया है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन सफल हो गया है और फिलहाल वह आईसीयू में उपचाराधीन हैं। उनके स्वास्थ्य में पहले से सुधार है। उम्मीद है कि जल्द ही लौट कर घर आएंगे।